खबर

उत्तराखंड की सबसे ‘लकी’ सीट गंगोत्री, यहां जिसने जीता चुनाव, उसी की बनी सरकार; 2027 में कायम रहेगा रिकॉर्ड? | Uttarakhand Gangotri luckiest seat whoever wins election here sees their party form government 



उत्तराखंड में सरकार बनाने के लिए 70 में से 36 विधानसभा सीटों की जरूरत होती है. हालांकि राज्य की राजनीति में एक ऐसी सीट है जिसकी चर्चा चुनाव नतीजों से पहले ही शुरू हो जाती है. यह सीट है गंगोत्री विधानसभा, जिसे उत्तराखंड की सबसे “लकी सीट” माना जाता है. राजनीतिक जानकारों के अनुसार राज्य गठन के बाद अब तक जिस पार्टी ने यह सीट जीती, उसी ने सत्ता भी हासिल की. धार्मिक दृष्टि से भी गंगोत्री का विशेष महत्व है. गंगा का उद्गम स्थल होने के कारण यहां हर साल लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं. गौमुख तक देश-विदेश के शोधकर्ता और पर्यटक भी आते हैं. लेकिन गंगोत्री की पहचान केवल आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि राजनीति में भी यह सीट बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है.

राज्य गठन के बाद कभी नहीं टूटा संयोग

साल 2002 में उत्तराखंड के पहले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के विजयपाल सजवाण ने गंगोत्री सीट जीती थी. उसी चुनाव में कांग्रेस ने 36 सीटें जीतकर सरकार बनाई. इसके बाद 2007 में भाजपा के गोपाल सिंह रावत ने गंगोत्री सीट पर जीत हासिल की. भाजपा पूर्ण बहुमत से दो सीट पीछे रही, लेकिन सहयोगी दलों और निर्दलीय विधायकों के समर्थन से सरकार बनाने में सफल रही. साल 2012 में एक बार फिर विजयपाल सजवाण ने गंगोत्री सीट कांग्रेस की झोली में डाली. कांग्रेस भी बहुमत से दूर थी, लेकिन बसपा, यूकेडी और निर्दलीयों के समर्थन से सत्ता तक पहुंच गई.

भाजपा के लिए शुभ साबित हुए 2017 और 2022

2017 के चुनाव में भाजपा के गोपाल सिंह रावत ने गंगोत्री सीट जीती और प्रदेश में भाजपा ने रिकॉर्ड 57 सीटों के साथ प्रचंड बहुमत हासिल किया. वहीं 2022 में भाजपा प्रत्याशी सुरेश सिंह चौहान ने गंगोत्री से जीत दर्ज की. इसके साथ ही भाजपा लगातार दूसरी बार उत्तराखंड की सत्ता में लौटने में सफल रही. भाजपा ने 47 सीटें जीतकर सरकार बनाई जबकि कांग्रेस 19 सीटों तक ही सीमित रही.

उत्तर प्रदेश के दौर से भी जुड़ा है इतिहास

दिलचस्प बात यह है कि यह राजनीतिक संयोग केवल उत्तराखंड राज्य बनने के बाद का नहीं है. जब यह क्षेत्र उत्तर प्रदेश का हिस्सा था, तब भी उत्तरकाशी सीट (वर्तमान गंगोत्री) का विजेता अक्सर सत्ता पक्ष का हिस्सा बना. 1952 और 1957 में कांग्रेस समर्थित नेतृत्व यहां से जीता और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी. 1977 में जनता पार्टी ने सीट जीती और राज्य में जनता पार्टी की सरकार बनी. 1991 में भाजपा ने सीट अपने नाम की और उत्तर प्रदेश में भी भाजपा सत्ता में आई.

2027 में सबसे बड़ी नजर इसी सीट पर

लगातार कई दशकों से चले आ रहे इस राजनीतिक रिकॉर्ड ने गंगोत्री सीट को बेहद प्रतिष्ठित बना दिया है. यही कारण है कि भाजपा, कांग्रेस, बसपा, सपा, उत्तराखंड क्रांति दल और अन्य दल यहां पूरी ताकत झोंकने की तैयारी कर रहे हैं. अब सबकी नजर 2027 के विधानसभा चुनाव पर है. बड़ा सवाल यह है कि क्या गंगोत्री सीट का यह चर्चित राजनीतिक मिथक एक बार फिर सही साबित होगा या फिर इस बार उत्तराखंड की राजनीति में नया इतिहास लिखा जाएगा.

यह भी पढ़ें | उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए BJP का नया ‘प्लान’, क्या कटेंगे 10 विधायकों के टिकट? इतिहास रचने की तैयारी





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button