
हिमाचल प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार पर चुनावी गारंटियों को आधा-अधूरा पूरा करने और जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि सरकार को कार्यकाल के चौथे साल में अब अपनी गारंटियों की याद आ रही है, लेकिन उन्हें पूरा करने के नाम पर भी शर्तें और सीमाएं लगाई जा रही हैं.
महिलाओं को 1500 रुपये देने की गारंटी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश की 28 लाख महिलाओं को यह राशि देने का वादा किया था, जबकि अब सरकार केवल साढ़े तीन लाख पात्र महिलाओं को इसका लाभ देने की बात कर रही है. उन्होंने सवाल उठाया कि जब गारंटी सभी महिलाओं के लिए थी तो अब इसे सीमित क्यों किया जा रहा है. गारंटी के अनुरूप सरकार को करीब 20 हजार करोड़ रुपये देने चाहिए थे.
300 यूनिट मुफ्त बिजली की गारंटी पर सरकार को घेरा
जय राम ठाकुर ने 300 यूनिट मुफ्त बिजली की गारंटी पर भी सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट मुफ्त बिजली देने का निर्णय लिया था. कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने की गारंटी दी, लेकिन सत्ता में आने के बाद पहले से मिल रही 125 यूनिट की सुविधा भी बंद कर दी गई.
शीतकाल सत्र में सुक्खू सरकार को घेरने की तैयारी, जयराम बोले- इस सरकार का होगा आखिरी सत्र
अब कैबिनेट ने साढ़े तीन लाख परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का फैसला लिया है, जबकि कांग्रेस ने यह गारंटी प्रदेश के करीब 18 लाख परिवारों को दी थी. सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि बाकी परिवारों को इस सुविधा से बाहर क्यों रखा जा रहा है. उन्होंने कहा कि इस तरह के फैसले जनता को राहत देने के बजाय उन्हें गुमराह करने वाले हैं.
‘चुनावी वर्ष में सरकार की घोषणाओं की मंशा को समझती है जनता’
उन्होंने कहा कि चुनावी वर्ष में सरकार की ओर से इस तरह की घोषणाओं के पीछे की मंशा प्रदेश की जनता अच्छी तरह समझती है. पंचायती राज चुनावों में भी जनता ने कांग्रेस को अपना जवाब दे दिया है. उन्होंने दावा किया कि भाजपा प्रदेश में एक बार भाजपा और एक बार कांग्रेस की परंपरा के आधार पर पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी.
शीतकालीन सत्र में सरकार को घेरने की तैयारी
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि विधानसभा का शीतकालीन सत्र शुरू होने जा रहा है और यह वर्तमान सरकार का अंतिम शीतकालीन सत्र होगा. भाजपा इस दौरान कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगेगी. भ्रष्टाचार, हिमाचल ऑन सेल, प्रदेश में बढ़ता नशा, बिगड़ती कानून व्यवस्था और अन्य जनहित से जुड़े मुद्दों पर विपक्ष सरकार को घेरने की पूरी तैयारी में है. उन्होंने कहा कि विपक्ष की ओर से कई सवाल उठाए जाएंगे, जिनका जवाब देना सरकार के लिए आसान नहीं होगा.
सड़कों की बदहाली पर भी साधा निशाना
जय राम ठाकुर ने प्रदेश की खराब सड़क व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़कों की हालत लगातार बिगड़ रही है. जिन सड़कों पर कभी गाड़ियां और बसें आसानी से चलती थीं, वहां अब खच्चर चलाना भी मुश्किल हो गया है. दो घंटे में पूरा होने वाला सफर अब आठ घंटे में तय करना पड़ रहा है. उन्होंने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से सफर करने के बजाय कभी सड़क मार्ग से भी यात्रा करें, ताकि उन्हें प्रदेश की सड़कों की वास्तविक स्थिति का पता चल सके.
‘कंगना पर एफआईआर अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला’
मंडी की सांसद कंगना रनौत के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के मामले में जय राम ठाकुर ने इसे अभिव्यक्ति की आजादी पर प्रहार बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है. मीडिया या विपक्ष जब भी सरकार के खिलाफ कोई बात करता है तो एफआईआर दर्ज कर दी जाती है. उन्होंने कहा कि सरकार ने विपक्ष के खिलाफ दुष्प्रचार करने के लिए एजेंसी तक हायर कर रखी है. उन्होंने सोनिया गांधी की आत्मकथा को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि किताब में कई महत्वपूर्ण घटनाओं और पहलुओं का उल्लेख तक नहीं किया गया है.
अनिल शर्मा को मुख्यमंत्री की साजिश का शिकार न बनने की सलाह
मंडी में आयोजित एंटी चिट्टा वॉकाथॉन के दौरान विधायक अनिल शर्मा की मुख्यमंत्री के साथ नजदीकियों को लेकर पूछे गए सवाल पर जय राम ठाकुर ने मुख्यमंत्री पर षड्यंत्रकारी राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि अनिल शर्मा को मुख्यमंत्री की किसी साजिश का शिकार नहीं होना चाहिए, क्योंकि यह उनके राजनीतिक हित में नहीं होगा. उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा मंडी की सभी दस सीटों पर जीत दर्ज करेगी.
353(2), 196(1)(b) और 356(2) के तहत कंगना पर शिमला में FIR, आगे क्या होगा?