
मंडी से बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. गांधी परिवार को लेकर सोशल मीडिया पर की गई कथित टिप्पणियों के मामले में हिमाचल प्रदेश की शिमला पुलिस ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. यह कार्रवाई शिमला निवासी अतुल शर्मा की शिकायत पर की गई है. शिकायत में कंगना पर सोशल मीडिया के जरिए भड़काऊ टिप्पणियां करने का आरोप लगाया गया है.
शिकायतकर्ता अतुल शर्मा के मुताबिक, कंगना रनौत के सत्यापित सोशल मीडिया हैंडल से 10 नवंबर को एक पोस्ट की गई थी. इसमें पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, उनके बेटे संजय गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की मौत को लेकर कथित तौर पर टिप्पणियां की गई थीं.
हिमाचल कैबिनेट में बड़ा फैसला, महिलाओं को 1500 रुपये और 300 यूनिट मुफ्त बिजली
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पोस्ट में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी को ‘रहस्यमय विदेशी नागरिक’ बताते हुए उनके परिवार के सदस्यों की एक के बाद एक हत्या और उनके सरकार की मुखिया बनने को लेकर भी टिप्पणी की गई थी.
शिकायतकर्ता ने जताई सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका
अतुल शर्मा ने अपनी शिकायत में इन टिप्पणियों को भड़काऊ और तथ्यहीन बताया है. उनका आरोप है कि इस तरह की पोस्ट से सामाजिक और राजनीतिक माहौल खराब हो सकता है. साथ ही सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका भी पैदा हो सकती है.
शिकायतकर्ता ने पुलिस से पूरे मामले की आपराधिक जांच करने और संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट की जांच कर कंगना रनौत के खिलाफ जरूरी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की थी.
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 353(2), 196(1)(b) और 356(2) के तहत एफआईआर दर्ज की है. इन धाराओं के तहत मामला दर्ज होने के बाद अब पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है.
शीतकाल सत्र में सुक्खू सरकार को घेरने की तैयारी, जयराम बोले- इस सरकार का होगा आखिरी सत्र
शिमला वेस्ट थाना पुलिस कर रही जांच
एफआईआर के मुताबिक, मामले की जांच शिमला वेस्ट थाना पुलिस को सौंपी गई है. फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया है और पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है. जांच के बाद ही आरोपों को लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी.