

नई दिल्ली:
हिंदी सिनेमा में कई ऐसे गाने बने हैं, जिनको सुनते ही पैर थिरकने लगते हैं, लेकिन उन गाने की कहानी सुनकर आप हैरान हो जाते हैं. आज हम एक ऐसे ही गाने की बात करेंगे जिसमें मलाइका अरोड़ा और अरबाज खान नजर आए थे. साल 1999 में आए इस गाने को 27 साल हो चुके हैं, लेकिन इस गाने की लोकप्रियता आज तक कम नहीं हुई है. राजस्थानी फोक संगीत में बने इस गाने पर आज भी स्कूल, कॉलेज और फंक्शन में लोग जमकर नाचते हैं. खासकर गरबा और डांडिया नाइट्स में ये गाना आज भी खूब बजता है. शुभा मुद्गल और सुखविंदर सिंह की आवाज में सजे इस राजस्थानी लोक अंदाज वाले गीत में मलाइका और अरबाज की केमिस्ट्री भी दर्शकों को खूब पसंद आई थी. सबसे दिलचस्प बात ये है कि इस गाने के पीछे एक पत्नी के इंतजार और विरह की कहानी है.
पति के युद्ध से लौटने का इंतजार करती है मलाइका
हम बात कर रहे हैं 27 साल पुराने गाने ‘रंगीलो मारो ढोलना’ की, बता दें कि ये गाना किसी फिल्म का नहीं है, बल्कि साल 1990 में रिलीज हुए एल्बम ‘प्यार के गीत’ का है. राजश्री के ऑफिशियल यूट्यूब गाने पर अपलोड इस गाने को 82 मिलियन व्यूज मिल चुके हैं. इस गाने की कहानी है एक ऐसी पत्नी की, जिसका पति युद्ध में गया हुआ है और वो वहां से उसके वापस सुरक्षित आने की दुआ मांग रही है. गाने में मलाइका अरोड़ा पत्नी और अरबाज खान उनके पति के किरदार में नजर आते हैं. इस तरह एक तरफ गाने की धुन पर लोग थिरकते हैं, तो दूसरी तरफ इसकी कहानी में इंतजार और प्यार का दर्द भी है.
शुभा मुद्गल और सुखविंदर सिंह की आवाज ने बनाया यादगार
इस गाने को शुभा मुद्गल और सुखविंदर सिंह ने अपनी आवाज से सजाया है. गाने के बोल अनिल पांडे ने लिखे हैं. म्यूजिक प्लेटफॉर्म की क्रेडिट लिस्टिंग में इसके संगीत का क्रेडिट संदेश शांडिल्य को दिया गया है. एल्बम ‘प्यार के गीत’ में कुल आठ गाने शामिल थे और ये गाना 4 मिनट 39 सेकंड का है. शुभा मुद्गल की दमदार आवाज और सुखविंदर सिंह के सुरों ने इस गाने को अलग पहचान दी. शुभा मुद्गल की पहचान शास्त्रीय संगीत के साथ-साथ पॉप और फ्यूजन गानों में भी रही है. गाने के बोल कुछ इस तरह हैं-
रंगेलो म्हारो ढोलना ढोलना वे
रंगेलो म्हारो ढोलना ढोलना वे
आरा रारा आरा रा आयोरे म्हारो ढोलना आयो
रे आयो रे आयोरे म्हारो ढोलना
आरा रारा आरा रा आयोरे म्हारो ढोलना
आयो रे आयो रे आयोरे म्हारो ढोलना
रंगेलो म्हारो ढोलना ढोलना अहा वे
आरा रारा आरा रा आयोरे म्हारो ढोलना
आयो रे आयो रे आयोरे म्हारो ढोलना
मलाइका-अरबाज की केमिस्ट्री ने बनाया कल्ट
इस म्यूजिक वीडियो में मलाइका अरोड़ा और अरबाज खान की जोड़ी दर्शकों को खूब पसंद आई थी. इस गाने के समय पर दोनों एक-दूसरे के साथ रिलेशनशिप में थे. मलाइका अरोड़ा इस गाने में रंग-बिरंगे राजस्थानी परिधानों में सजी हुई थीं और लोक अंदाज में मलाइका के डांस ने गाने को खास बना दिया. इस गाने का संगीत, इसके बोल और मलाइका की परफॉर्मेंस ने इस गाने को एक अलग ही पहचान दिलाई.





