खबर

‘शेर को चूहा बना दिया’ जंगल के राजा का रास्ता रोकते वनकर्मी, VIDEO वायरल | Gir Lion Viral Video Forest Staff Stop Male Lion For Cubs Protection



Viral Video: सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जो गुजरात के गिर जंगल का बताया जा रहा है. वीडियो वायरल होते ही वन्यजीव संरक्षण के तरीकों पर नई बहस छिड़ गई है. वीडियो में बाइक सवार वन्यकर्मी एक शेर का रास्ता रोकते हुए नजर आ रहे हैं. जानकारी के अनुसार, वह दूसरे शेर के उस इलाके में घुसने की कोशिश कर रहा था, जहां पर शावकों के होने की जानकारी थी. इसी कारण उसका रास्ता रोका जा रहा था. वायरल वीडियो पर काफी लोगों की प्रतिक्रिया आई है. एक्स पोस्ट पर करीब 150 लोगों ने कमेंट्स किए हैं.

शेर को रोकने के तरीके पर सवाल

एक्स पर एक यूजर @gaurravbhrdwj ने वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने बताया कि वन विभाग के अधिकारी एक नर शेर को दूसरे नर शेर के इलाके में जाने से रोकने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि वहां मौजूद शावकों को बचाया जा सके. हालांकि उन्होंने शेर का रास्ता रोकने के तरीके पर सवाल खड़े किए और कहा कि यह तरीका काफी अजीब और चिंताजनक है.

वीडियो गुजरात के गिर से सामने आया है. वन विभाग के कर्मचारियों का एक ग्रुप 5 मोटरसाइकिलों पर सवार होकर बार-बार शेर के आगे आ रहा है और उसका रास्ता रोक रहा है. न तो जंगली जानवरों से जरूरी सुरक्षित दूरी बनाए रखी जा रही है और न ही उनके साथ बर्ताव करते समय जरूरी बुनियादी शिष्टाचार का पालन किया जा रहा है. 

उन्होंने लिखा कि इरादा चाहे कुछ भी हो, यह तरीका साफ तौर पर वन्यजीव प्रोटोकॉल का उल्लंघन है. हैरानी की बात यह भी है कि इंसानों की इतनी करीबी मौजूदगी से भी शेरों पर कोई असर नहीं पड़ रहा है. गौरव की इस एक्स पोस्ट पर कई लोगों ने कमेंट किए. कुछ लोगों ने उनकी पोस्ट का समर्थन किया है तो कुछ लोगों ने शेर का रास्ता रोक रहे वन्यकर्मियों के साहस की तारीफ की है. 

यूजर ने वनकर्मियों के साहस की तारीफ की

एक यूजर @Hicoonal ने वायरल एक्स पोस्ट पर कमेंट किया कि प्रोटोकॉल चाहे जो भी हो… उनका अविश्वसनीय साहस वास्तव में आश्चर्यजनक है. इसके बाद एक और कमेंट में उसने लिखा कि गिर के अलावा… दुनिया में यह इकलौता ऐसा उदाहरण है जहां इंसान और जंगली जानवर शांति से एक साथ रहते हैं. इस पर ‘नेशनल जियोग्राफिक’ के कई एपिसोड भी बने हैं, जिनमें दिखाया गया है कि कैसे लोग अपने खेतों के आस-पास शेरों के झुंड की मौजूदगी को पसंद करते हैं, ताकि शाकाहारी जंगली जानवरों के हमलों से फसलों को बचाया जा सके.

यूजर ने लिखा कि फसल कटाई के मौसम में, स्थानीय लोग तो यही चाहते हैं कि रात के समय शेरों का झुंड उनके खेतों के आस-पास ही रहे, ताकि हिरण, जंगली सूअर और अन्य जानवर फसलों से दूर रहें. असल में, जब किसान रात भर खेतों की रखवाली करते हैं, तो वे लगभग शेरों के ठीक ऊपर ही बैठे होते हैं. दोनों में से किसी को भी एक-दूसरे की मौजूदगी से कोई फर्क नहीं पड़ता. बिल्कुल वैसे ही, जैसे हमारे आस-पास आवारा जानवर रहते हैं.

यह भी पढ़ें | 11 साल के बच्चे को उठा ले गया शेर; जंगल में मिली क्षत-विक्षत लाश, गुजरात के गिरनार पर्वत पर दर्दनाक हादसा

शेर को चूहा बना दिया है?

वहीं, दूसरे यूजर @Kataaksh_8 ने कमेंट किया कि मन पर नियंत्रण सबसे पहले बल प्रयोग से ही प्राप्त किया जाता है. इस वीडियो में ठीक यही हो रहा है. यहां तक कि शेर भी पालतू जानवर जैसा बन गया है. इस पर गौरव ने जवाब दिया कि वे (वनकर्मी) शेर के व्यवहार से परिचित हैं. इसके अलावा कुछ लोगों ने हैरानी जताई कि जिस तरीके से वन विभाग के कर्मचारी शेर को आगे जाने से रोक रहे हैं और बार-बार उसके आगे मोटरसाइकिल खड़ी कर दे हैं तो शेर हमला नहीं करता है. उल्टा वह अपना रास्ता बदल देता है. 

एक्स यूजर @being_ingenious ने पोस्ट पर कमेंट किया कि यह गिर शेर है, शेर इंसानों के इतने आदी हो चुके हैं कि वे साथ-साथ रहते हैं. स्थानीय लोग इसे आवारा जंगली बिल्ली की तरह मानते हैं. इसके बाद @tnwatch1 ने कमेंट में लिखा कि गिर के शेर उनसे परिचित हैं, मैंने स्थानीय लोगों को छोटी लकड़ी की छड़ी से शेर को भगाते हुए भी देखा है. जबकि एक अन्य यूजर ने कमेंट में शेर के व्यवहार पर हैरानी जताते हुए लिखा कि शेर हमला क्यों नहीं कर रहा? क्या शेर को चूहा बना दिया है? उसने अपनी पहचान खो दी है.

(अस्वीकरण: यह कहानी X पर वायरल हुई एक पोस्ट और उस पर आई प्रतिक्रिया पर आधारित है. एनडीटीवी ने पोस्ट में उल्लिखित व्यक्ति द्वारा किए गए दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है.)

यह भी पढ़ें | 11 साल के बच्चे को उठा ले गया शेर, गिरनार पर्वत पर परिवार संग अंबाजी मंदिर गया था




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button