खबर

रामायण में राम बनने के बाद इस फिल्म में लक्ष्मण बने थे अरुण गोविल, करोड़ों की फिल्म एक ही दिन में हुई सुपरफ्लॉप, कमाए सिर्फ 43 लाख | arun govil played lakshman after ram in luv kush film became superflop earned only 43 lakh



नई दिल्ली:

जब भी भगवान राम का नाम आता है तो आंखों के सामने सबसे पहले अरुण गोविल का चेहरा नजर आता है. एक पूरी पीढ़ी के लिए ही राम की छवि को अरुण गोविल में ही देखती आई है. एक्टर ने 1987-88 में रामानंद सागर के फेमस टीवी सीरियल रामायण में भगवान राम का किरदार निभाया था. इस शो ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई और उनकी छवि हमेशा के लिए भगवान राम से जुड़ गई. हालांकि अरुण गोविल ने अपने करियर में कई अलग-अलग तरह के किरदार निभाने की कोशिश की, लेकिन लोग उन्हें मैथोलॉजिकल यानि पौराणिक किरदारों में ही ज्यादा पसंद करते रहे. इसका सबसे बड़ा उदाहरण 1997 में आई फिल्म लव कुश में देखने को मिला, जिसमें उन्होंने लक्ष्मण का किरदार निभाया था.

अरुण गोविल ने लव कुश में लक्ष्मण का किरदार निभाने को लेकर क्या कहा?

हाल ही में एक इंटरव्यू में दिग्गज एक्टर अरुण गोविल ने बताया कि वो इस फिल्म में काम नहीं करना चाहते थे. इसकी वजह थी कि रामायण में भगवान राम का यादगार किरदार निभाने के बाद उनके लिए लक्ष्मण का रोल करना सही नहीं लग रहा था. अरुण गोविल ने ये भी बताया कि फिल्म के फ्लॉप होने की एक वजह गलत कास्टिंग भी थी. उनके मुताबिक, दर्शकों ने उन्हें भगवान राम के रूप में स्वीकार कर लिया था, इसलिए उन्हें लक्ष्मण के किरदार में देखना लोगों को पसंद नहीं आया.

अरुण गोविल ने वैरायटी इंडिया को दिए इंटरव्यू में कहा, “फिल्म लव कुश में जितेंद्र राम बने थे और वे मुझे लक्ष्मण के किरदार में लेना चाहते थे. मैंने मेकर्स से कहा था कि ये ठीक नहीं है, मुझे लक्ष्मण का रोल नहीं करना चाहिए. लेकिन उन्होंने मेरी बात नहीं मानी. वो मुझे ही लक्ष्मण बनाना चाहते थे. फिर मैंने कहा, ‘ठीक है, कर लेते हैं.’ लेकिन बाद में नतीजा सबके सामने था. फिल्म एक दिन भी नहीं चली. आज उस फिल्म के बारे में शायद ही कोई जानता हो.”

ये फिल्म देव्यांक आर्ट्स के बैनर तले बनी थी और दिलीप कनिकारिया ने इसे प्रोड्यूस किया था. वही वी. मधुसूदन राव के डायरेक्शन में बनी लव कुश में जितेंद्र ने भगवान राम, जया प्रदा ने माता सीता, अरुण गोविल ने लक्ष्मण, दारा सिंह ने हनुमान और प्राण ने वाल्मीकि का किरदार निभाया था. बड़े बजट में बनी ये फिल्म 25 जुलाई 1997 को रिलीज हुई थी, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप हुई. करोड़ों रुपये की लागत से बनी इस फिल्म की कमाई सिर्फ 43 लाख रुपये रही थी, जिसके कारण इसे बड़ी फ्लॉप फिल्मों में गिना जाता है.

ये भी पढ़ें: रणबीर कपूर की ‘रामायण’ का जलवा बरकरार, छठे दिन भी की मोटी कमाई

अरुण गोविल को आज भी लोग ‘रामजी’ कहकर बुलाते हैं

अरुण गोविल का मानना है कि रामायण की सफलता की वजह से आज भी ज्यादातर लोग उनमें भगवान राम की छवि देखते हैं. उन्होंने कहा, “आज भी लोग मुझे भगवान राम के रूप में ही देखते हैं. वो मुझे अरुण गोविल नहीं, बल्कि ‘रामजी’ कहकर बुलाते हैं. आज भी मेरे क्षेत्र में लोग मुझे रामजी ही कहते हैं.” अरुण गोविल ने आगे कहा, “लोग मेरे पास इस विश्वास के साथ आते हैं कि आप रामजी हैं, इसलिए हमें बताइए कि क्या करना चाहिए. राजनीति में भी जिन लोगों से मेरी मुलाकात होती है, उनका मानना होता है कि अब हम आपके पास आ गए हैं, तो हमारा काम जरूर हो जाएगा.” बता दें कि अरुण गोविल इस समय मेरठ लोकसभा सीट से सांसद हैं, लेकिन रामायण में निभाए गए भगवान राम के किरदार की पहचान आज भी उनके साथ जुड़ी हुई है.

रामायण में अरुण गोविल की वापसी

इस साल अरुण गोविल ने एक बार फिर वाल्मीकि रामायण की दुनिया में वापसी की. हालांकि इस बार उन्होंने भगवान राम नहीं, बल्कि राजा दशरथ, यानी भगवान राम के पिता का किरदार निभाया. ये रोल उन्होंने नितेश तिवारी की फिल्म रामायण में निभाया है. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आए हैं. रामायण: पार्ट वन इन दिनों सिनेमाघरों में चल रही है और रिलीज के महज 6 दिनों में दुनियाभर में लगभग 673 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी है. यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बेहतरीन प्रदर्शन कर रही है.





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button