

रांची के खरसीदाग ओपी क्षेत्र स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एग्रीकल्चरल बायोटेक्नोलॉजी (ICAR) से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. संस्थान के हॉस्टल में रहने वाले एक पीएचडी छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना के बाद पूरे संस्थान और छात्रावास परिसर में चिंता का माहौल है.
हॉस्टल के कमरे में बेसुध मिला छात्र
मृतक की पहचान प्रथमेश रायपुरे के रूप में हुई है. वह मूल रूप से महाराष्ट्र का रहने वाला था और संस्थान में पीएचडी की पढ़ाई कर रहा था. बताया जा रहा है कि वह अपने हॉस्टल के कमरे में काफी देर तक बेसुध पड़ा रहा.
जब साथी छात्रों को उसकी स्थिति का पता चला तो तुरंत उसे अस्पताल ले जाया गया. हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. छात्र की अचानक मौत की खबर फैलते ही संस्थान में हड़कंप मच गया.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने छात्र के कमरे और आसपास की परिस्थितियों की पड़ताल की है. साथ ही संस्थान के छात्रों और प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा सके. पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी है. परिवार के रांची पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल छात्र की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है. पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी. अधिकारियों का मानना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट जांच का सबसे महत्वपूर्ण आधार बनेगी. इसी के आधार पर यह साफ होगा कि मौत प्राकृतिक कारणों से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है.
यह भी पढ़ें- पहले मारी टक्कर, फिर कार से उतरी, की गलती करने की एक्टिंग और फिर भाग गई… दिल्ली में बुजुर्ग को SUV ने रौंदा





