
हिमाचल प्रदेश बीजेपी विधायक दल ने कांग्रेस सरकार पर प्रतिशोध की राजनीति करने और पुलिस-प्रशासन के राजनीतिक दुरुपयोग का आरोप लगाया है. नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर की अध्यक्षता में मंगलवार (4 अगस्त) को शिमला के होटल मरीना में हुई विधायक दल की बैठक में आगामी विधानसभा मानसून सत्र की रणनीति पर चर्चा की गई.
बैठक के बाद विधायक दल के सचिव एवं विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि बीजेपी के विधायकों, पूर्व विधायकों, पंचायत प्रतिनिधियों और अन्य जनप्रतिनिधियों पर झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं, जो लोकतंत्र पर सीधा हमला है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने के लिए पुलिस और प्रशासन का दुरुपयोग कर रही है.
हिमाचल के पहले CM डॉ. यशवंत सिंह परमार की जयंती पर कार्यक्रम, सीएम सुक्खू ने किया याद
आज शिमला में बीजेपी का विरध प्रदर्शन
बीजेपी ने घोषणा की है कि इन मुद्दों के विरोध में 5 अगस्त (बुधवार) को सुबह 10 बजे सीटीओ चौक, शिमला से नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन और मार्च निकाला जाएगा, जिसमें सभी बीजेपी विधायक और वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे. रणधीर शर्मा ने कहा कि 21 अगस्त से शुरू होने वाले विधानसभा के मानसून सत्र में बीजेपी कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार, आपदा राहत, कर्मचारियों की लंबित देनदारियां और कांग्रेस की अधूरी गारंटियों के मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी कर रही है. उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान सड़कों की बदहाली, भूस्खलन, बिजली और पेयजल आपूर्ति की समस्याओं के साथ-साथ आपदा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास का मुद्दा भी सदन में प्रमुखता से उठाया जाएगा.
बीजेपी ने बढ़ते अपराध, नशा तस्करी पर सरकार को घेरा
बीजेपी ने प्रदेश में बढ़ते अपराध, नशा तस्करी और चिट्टा माफिया की गतिविधियों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा. रणधीर शर्मा ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हुई है और सरकार इन मामलों पर प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है. बैठक में बीजेपी नेताओं ने भ्रष्टाचार, कर्मचारियों की पेंशन और वित्तीय लाभ, युवाओं को रोजगार देने के वादों तथा विभिन्न चुनावी गारंटियों को पूरा न करने के मुद्दों को भी विधानसभा में उठाने का निर्णय लिया. बीजेपी ने आरोप लगाया कि सरकार विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में असफल रही है और प्रदेश में जनहित की उपेक्षा की जा रही है.
हिमाचल प्रदेश: गारंटियों पर घिरी कांग्रेस सरकार, BJP ने बोला हमला