
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुए ट्रक हादसे में हुई 14 लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने दुःख जताया है. उन्होंने हादसे में मारे गए मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख और गंभीर रूप से घायलों को दो-दो लाख रुपए व अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपए की मदद का ऐलान किया है.
मुख्यमंत्री ने घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज देने के निर्देश स्थानीय अधिकारियों को दिए हैं. इसके अलावा उन्होंने मौके पर मंत्री ऐदल सिंह कसाना और राजेश शुक्ला को पहुंचने के निर्देश हैं. उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर इसकी जानकारी साझा की है. इस हादसे में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुःख व्यक्त किया है. PMNRF द्वारा मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50-50 हजार की सहायता देने की घोषणा हुई है.
यह भी पढ़ें: ग्वालियर में बेकाबू ट्रक का कहर, दर्दनाक हादसे में 13 लोगों की मौत
मृतक के परिजनों 4-4 लाख की सहायता
सीएम डॉ मोहन यादव ने दुर्घटना पर दुःख जाहिर करते हुए कहा,”ग्वालियर में हुए ट्रक हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है. इस दुःख की घड़ी में राज्य सरकार सभी प्रभावित परिवारों के साथ है.सभी मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं.”
उन्होंने आगे कहा, “राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 2-2 लाख रूपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं. सभी घायलों का नि:शुल्क उपचार किया जाएगा. प्रभावित परिवार ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर से हैं.” इसके साथ ही उन्होंने मंत्री ऐदल सिंह कसाना और राजेश शुक्ला को तत्काल ग्वालियर पहुंचने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने घायलों के स्वास्थ्य लाभ और मृतको के लिए प्रार्थना भी की है.
शीतला माता मंदिर रोड पर हुआ हादसा
यहां बता दें कि देर रात शीतला माता मंदिर रोड पर तेज रफ़्तार ट्रक ने सड़क प् र्मौजुद श्रद्धालुओं को कुचल दिया था. जिसके बाद मौके पर चीख-पुकार मच गयी. इस हादसे में अब तक 14 लोगों के मरने की पुष्टि हो चुकी है. जबकि 33 से अधिक घायल हैं. मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं. हादसे में दो पुलिस कर्मी भी घायल बताए जा रहे हैं.
यह भी पढ़ें: CM मोहन यादव का ऐलान, दिवाली से पहले चंबल में होगा औद्योगिक सम्मेलन

