
मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां पिपरिया में रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ी कार से दो बच्चों के शव मिलने से हड़कंप मच गया. दोनों मृतक सगे भाई थी. उनकी पहचान 13 वर्षीय समर्थ और 11 वर्षीय शिवाय के रूप में हुई है. मामले को और गंभीर बनाने वाली बात यह है कि दोनों बच्चों के पिता अजय धाकड़ की भी रविवार दोपहर ट्रेन से कटकर मौत हो गई थी. घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है.
जानकारी के मुताबिक, बरेली निवासी अजय धाकड़ अपने दोनों बेटों समर्थ और शिवाय को फिल्म दिखाने की बात बोलकर बाहर लाए थे. घर से भी वे यही बोलकर निकले थे और पिपरिया पहुंच गए थे. अजय ने अपनी कार पिपरिया रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ी की थी.
यह भी पढ़ें: Dussehra 2026: मध्य प्रदेश का गांव जहां लंकापति को पूजते हैं लोग, नहीं होता रावण दहन
बच्चों की गर्दन पर निशान मिलने से संदेह
रविवार (18 अक्टूबर) दोपहर अजय की ट्रेन से कटकर मौत हो गई. इसके बाद परिजनों ने रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ी कार को देखा, तो उसमें दोनों बच्चों के शव मिलने से हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
प्रारंभिक जांच में दोनों बच्चों की गर्दन पर निशान मिलने की बात सामने आई है. हालांकि, बच्चों की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: ग्वालियर हादसे पर CM मोहन यादव का एक्शन, SP समेत 8 पुलिसकर्मी सस्पेंड
Input By : आशीष मालवीय
