

नागपुर:
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर रविवार शाम हुई फायरिंग मामले में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान उन्होंने सीधे तौर पर अपराधियों को सख्स से सख्त सजा देने की बात कही है. सीएम ने कहा, “हमलावर बचेंगे नहीं. किसी भी गैंग को छोड़ा नहीं जाएगा. टाइगर श्रॉफ को हमने आश्वस्त किया है, जिन्होंने अपराध किया है, उन्हें ढूंढ़कर निकालेंगे. बहुत जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा.” उन्होंने कहा कि चाहे इसमें कोई भी गिरोह या शख्स शामिल हो, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा. अगर कोई इस तरह की धमकियों के जरिए काम करने की कोशिश करता है, तो मुंबई पुलिस को अच्छी तरह पता है कि उन्हें कैसे सीधा करना है.
‘पूरी गैंग को नेस्तनाबूत करेंगे…’
मुख्यमंत्री ने कहा, “घटना बेहद निंदनीय है. पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है. रातों-रात ही आरोपियों की पहचान कर ली गई है. पुलिस को अहम सुराग मिल गए हैं. पुलिस उन्हें ढूंढ निकालेगी और उनके पीछे कौन है, इसका भी पता लगा लेगी. इससे पहले भी जो आरोपी पकड़े गए थे, उनके आकाओं को ढूंढ निकाला गया था.”
उन्होंने आगे कहा कि यह पुलिस के लिए चुनौती का विषय नहीं है. ये डरपोक लोग हैं. ये भाड़े पर काम करने वाले लोग हैं. ये महाराष्ट्र के बाहर और देश के बाहर से ऑपरेट करते हैं. इनके गैंग को पूरी तरह नेस्तनाबूत कर दिया जाएगा.
फडणवीस ने आगे कहा कि ऐसे किसी भी गैंग से डरने की कोई जरूरत नहीं है. ये कायर हैं, जो सिर्फ सोशल मीडिया/फोन के जरिए धमकियां देते हैं. मुंबई पुलिस बहुत प्रोफेशनल है.
देवेंद्र फडणवीस ने कहा, “मैंने टाइगर श्रॉफ को भरोसा दिलाया है कि उन्हें चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है. हम इसके लिए जिम्मेदार लोगों को ढूंढ निकालेंगे और पूरी सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे. हमने उनसे यही कहा है.”
यह भी पढ़ें | ‘जब खून में लथपथ निकला टाइगर श्रॉफ का ड्राइवर’, चश्मदीद ने आरोपी को देखा, कहा- मच्छर जैसा दुबला-पतला
यह भी पढ़ें | तिहाड़ से साबरमती जेल कैसे पहुंच गया लॉरेंस बिश्नोई? वकील से भी मिलने की इजाजत नहीं





