
नई दिल्ली:
दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर स्थित एक किराए के फ्लैट से UPSC की तैयारी कर रहे 25 वर्षीय अभ्यर्थी अल्टा भारत कुमार रेड्डी का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. मूल रूप से आंध्र प्रदेश के रहने वाले रेड्डी पिछले करीब एक साल से सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे थे. पुलिस के अनुसार फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद था और मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है. प्रारंभिक जांच में पढ़ाई के तनाव और अवसाद के संकेत मिले हैं. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है.
दो दिनों से आ रही थी तेज दुर्गंध
ओल्ड राजेंद्र नगर स्थित मकान नंबर 11A/16 से युवक का शव बरामद हुआ. उसी मकान में रहने वाले साउथ इंडियन व्यक्ति सीलम ने बताया कि पिछले दो दिनों से मकान से तेज स्मेल आ रही थी. उनका कहना है कि इसी परिसर में रहने वाला एक कुत्ता भी इसी वजह से लगातार उल्टियां कर रहा था. उन्होंने बताया कि मकान में दो फ्लोर हैं और यहां कुल पांच से छह लोग रहते हैं. मृतक युवक दूसरी मंजिल पर रहकर पढ़ाई करता था. आसपास के लोगों को भी लगातार आ रही दुर्गंध से किसी अनहोनी की आशंका होने लगी थी.

इसी मकान में रहता था मृतक छात्र
Photo Credit: NDTV
पड़ोसियों ने मालिक को दी सूचना
आसपास रहने वाली दो महिलाओं ने भी NDTV से पूरी घटना के बारे में जानकारी दी. एक महिला की किराना शॉप भी है जिसपर वो मृतक लड़का सामान लेने भी आता था. उस महिला ने बताया कि मृतक कभी-कभार आसपास की किराना दुकान से सामान खरीदने आता था. उनके अनुसार, कमरे का किराया लगभग 8 से 8,500 रुपये प्रतिमाह था. महिला ने बताया कि जब स्मेल आई तब उसी मकान में रहने वाले लोगों ने मकान मालिक को सूचना दी फिर ऑनर आया और पुलिस बुलाई गयी. आज सुबह से ज्यादा स्मैल आ रही थी. महिला ने कहा कि हमारे घर की दूरी 5-6 घरों की है तो लगता है कि कुछ दिनों पहले लड़के ने सुसाइड किया होगा.
पुलिस को मिली फांसी से मौत होने की सूचना
दिल्ली पुलिस के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 2:38 बजे राजेंद्र नगर थाने में एक युवक के फांसी लगाकर आत्महत्या करने की सूचना मिली. सूचना के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची. फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसके बाद दमकल विभाग को बुलाया गया. दमकल कर्मियों ने दरवाजा खोला तो युवक अंदर मृत अवस्था में मिला.
एक सप्ताह से अकेला रह रहा था युवक
दिल्ली पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि मृतक अपने एक रूममेट के साथ फ्लैट में रहता था. उसका रूममेट करीब एक सप्ताह पहले अपने घर चला गया था. घटना के समय फ्लैट में युवक अकेला था.
सुसाइड नोट में तनाव और अवसाद का जिक्र
दिल्ली पुलिस ने बताया कि घटनास्थल की जांच के लिए क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम को बुलाया गया. जांच के दौरान मौके से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ. पुलिस के मुताबिक, नोट में पढ़ाई को लेकर तनाव और अवसाद में होने का संकेत मिला है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस की शुरुआती जांच में फिलहाल किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता या साजिश के संकेत नहीं मिले हैं. हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर की जाएगी. पुलिस मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई कर रही है.
यह भी पढ़ें : दिल्ली : मुखर्जी नगर में UPSC की तैयारी कर रहे युवक ने किया सुसाइड, फंदे से लटका मिला शव





