खबर

धमाके आतंकियों के अड्डों पर हो रहे थे, उसकी गूंज पूरी दुनिया सुन रही थी…… मेलबर्न में पीएम मोदी | PM Modi addresses Indian Diaspora in Melbourne



प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में भारतीय मूल के लोगों को संबोधित किया. ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने पीएम मोदी का स्वागत करते हुए उन्हें अपना दोस्त बताया. वहीं पीएम मोदी ने अपना भाषण शुरू करने से पहले हिंदी और गुजराती में सभी से नमस्कार किया. पीएम मोदी ने कहा कि यह शो हाउसफुल और ब्लॉकबस्टर है.

ऑस्ट्रेलिया के पीएम का जताया आभार

पीएम मोदी ने कहा कि जिस एनर्जी से आप सभी ने हमारा स्वागत किया है, वो बहुत खास है. मेलबर्न ने एक तरह से मैदान मार लिया है. पीएम मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज को अपना और भारत का दोस्त बताया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का आभारी हूं आप सिडनी में भी साथ थे और यहां भी भारतीयों के बीच आए हैं.

भारत और ऑस्ट्रेलिया के रिश्ते मजबूत

पीएम मोदी ने कहा कि जब मैं 2014 में ऑस्ट्रेलिया आया था, तब 28 साल बाद भारत का कोई पीएम यहां पहुंचा था. तब मैंने कहा था कि अब आपको 28 साल इंतजार नहीं करना पड़ेगा. पिछले 12 सालों में मैं तीसरी बार यहां आया हूं. यानी इस बार हैट्रिक लगी है. यह दिखाता है कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के रिश्ते किस ऊंचाई पर है. इसमें सबसे बड़ी भूमिका मोदी की नहीं बल्कि आप सभी भारतीय समुदाय के लोगों की है.

प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा, ‘कहते हैं मेलबर्न एक दिन में तीन सीजन के दर्शन करा देता है, लेकिन भारतीय समुदाय ने अपने सांस्कृतिक रंग से इसे सजा दिया है. यहां कई ऐसे मार्केट हैं, जो भारतीयता के रंग से रंगे हैं. कोई इसे लिटिल इंडिया कहता है कोई मिनी इंडिया कहता है. नाम कोई भी हो लेकिन ये भारतीय संस्कृति में रचे-बसे हैं.

पीएम ने कहा कि किसी ने मुझे ऐसे ही एक बाजार का वीडियो दिखाया. वीडियो में बताया गया था कि वहां लगातार सेल चलती रहती है. लोग इन सेल्स के उत्साह में पूरी तरह बह जाते हैं; भले ही किसी का खरीदारी करने का मन न हो, फिर भी वे कुछ न कुछ खरीद ही लेते हैं. ‘सेल के चक्कर में लोग घंचक्कर बन जाते हैं.’

‘हम दूध में घुलने वाली चीनी की तरह’

भारतीय समुदाय के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए PM नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘हम भारतीय दूध में घुलने वाली चीनी की तरह हैं, जो उसे और भी मीठा बना देती है. हम भारतीय दुनिया में अपने प्यार की मिठास घोलते रहते हैं. घर में दूध भले ही ऑस्ट्रेलिया का हो, लेकिन चाय भारतीय बनती है. दाल और सब्जियां ऑस्ट्रेलिया की होती हैं, लेकिन उनमें असली भारतीय मसालों का तड़का लगता है.’

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, “21वीं सदी का भारत एक विकसित देश बनने के लक्ष्य की दिशा में काम कर रहा है. जब एक सपना पूरा होता है, तो एक नया सपना जन्म लेता है. पहले कहा जाता था कि एक दीया हजारों और दीयों को रोशन करता है. आज मैं कहता हूं कि एक सपना दूसरे सपने को जन्म देता है, हजारों सपने सामने आते हैं. जब एक लक्ष्य हासिल हो जाता है, तो उससे भी बड़ा संकल्प उसकी जगह ले लेता है. यह ऐसा भारत है जो ‘ज्यादा विकास, ज्यादा उपलब्धि’ (Grow More, Achieve More) में विश्वास करता है. हम 1.4 अरब लोगों का देश हैं, जो उम्मीदों और आकांक्षाओं से भरे हुए हैं.”

‘भारत गगनयान मिशन को लॉन्च करने की तैयारी कर रहा’

उन्होंने कहा कि भारत अब अंतरिक्ष में अपना ‘गगनयान’ मिशन लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है और अपना खुद का अंतरिक्ष स्टेशन स्थापित करने के लक्ष्य की दिशा में काम कर रहा है. आज, भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा 5G बाजार बन गया है. भारत तेजी से ‘मेक इन इंडिया’ 6G तकनीक पर काम कर रहा है. पिछले 12 वर्षों में, मेट्रो नेटवर्क का विस्तार भारत भर के दो दर्जन से अधिक शहरों में हुआ है. आज भारत में रोजाना 1.25 करोड़ से ज्यादा लोग मेट्रो से यात्रा करते हैं. भारत के पास दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क है. हम भारत में सेमी-हाई-स्पीड नेटवर्क, जैसे नमो भारत रैपिड रेल और वंदे भारत, का तेजी से विस्तार कर रहे हैं”

भारतीय समुदाय के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, “दुनिया भारत के डिफेंस प्लेटफॉर्म की क्षमता और विश्वसनीयता देख रही है. आपने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान इसका प्रदर्शन देखा होगा. आतंकवादी ठिकानों पर धमाके हो रहे थे, लेकिन उनकी गूंज पूरी दुनिया में सुनाई दी. क्या आतंकवादी ठिकानों पर हुए इस जबरदस्त हमले ने आपको गर्व से भर दिया या नहीं?”

“पिछले 12 वर्षों में, ‘मेक इन इंडिया’ एक ग्लोबल ब्रांड बन गया है. हमारे मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक्स दुनिया भर के बाजारों में पहुंच गए हैं. हमारी ऑटोमोबाइल और फार्मास्युटिकल उत्पादों ने अपनी वैश्विक उपस्थिति बढ़ाई है.”




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button