
नई दिल्ली:
साल 2007 में जब ‘तारे जमीन पर’ रिलीज हुई थी, तब फिल्म के साथ-साथ इसके कई किरदार भी लोगों के दिलों में बस गए थे. इन्हीं में एक नाम था ईशान अवस्थी के होशियार बड़े भाई योहान का, जिसे चाइल्ड आर्टिस्ट सचेत इंजीनियर ने निभाया था. मासूम चेहरा, शानदार एक्टिंग और पढ़ाकू बड़े भाई की इमेज ने उन्हें घर-घर में पहचान दिला दी थी. लेकिन फिल्म की सफलता के बाद सचेत ने वो रास्ता नहीं चुना, जिसकी लोगों को उम्मीद थी. उन्होंने फिल्मों की चमक-दमक छोड़ एक दूसरी राह चुनी और आज उनकी कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम दिलचस्प भी नहीं. कभी पर्दे पर नजर आने वाले सचेत इंजीनियर आज UK में एक सक्सेसफुल गोल्ड मेडलिस्ट डेंटिस्ट हैं और अब पायलट बनने के अपने सपने को भी उड़ान दे रहे हैं.
ग्लैमर की दुनिया छोड़ बने डॉक्टर
अक्सर चाइल्ड आर्टिस्ट फिल्मों में करियर बनाने का सपना देखते हैं, लेकिन सचेत की सोच अलग थी. ‘तारे जमीन पर’ की जबरदस्त सफलता के बाद उन्हें पहचान मिली, लोग पहचानने लगे और फिल्मों के ऑफर भी आने लगे. लेकिन उन्होंने ग्लैमर की दुनिया के बजाय पढ़ाई को प्राथमिकता दी. यही फैसला आगे चलकर उनकी सबसे बड़ी ताकत साबित हुआ.

गोल्ड मेडल जीतकर किया कमाल
सचेत ने अपनी पढ़ाई पूरी लगन के साथ की. उन्होंने डीवाई पाटिल यूनिवर्सिटी से डेंटल शिक्षा हासिल की और पीरियोडोंटोलॉजी में गोल्ड मेडल भी अपने नाम किया. इसके बाद वो उच्च शिक्षा के लिए UK चले गए. वहां लंदन के मशहूर UCL Eastman Dental Institute से पढ़ाई पूरी की और डेंटिस्ट के तौर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई. आज वो अपने पेशे में शानदार काम कर रहे हैं.
डेंटिस्ट ही नहीं, पायलट बनने का भी सपना
सचेत की कहानी यहीं खत्म नहीं होती. उन्हें उड़ान भरने का भी बेहद शौक है. हाल के सालों में उन्होंने फ्लाइंग ट्रेनिंग से जुड़ी झलकियां साझा कीं, जिससे पता चला कि वो पायलट बनने की ओर भी कदम बढ़ा रहे हैं. एक तरफ मरीजों की मुस्कान का ख्याल रखने वाले डेंटिस्ट और दूसरी तरफ आसमान छूने का सपना देखने वाले पायलट. सचेत की ये जर्नी वाकई इंस्पायरिंग है.

फिल्मी परिवार से है खास रिश्ता
दिलचस्प बात ये है कि सचेत का फिल्मी दुनिया से पुराना नाता रहा है. उनकी दादी कृष्णा कुमारी सेठ अभिनेत्री थीं, जबकि दादा सूरज प्रकाश फिल्म निर्माता थे. फिर भी उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाने का फैसला किया. तारे जमीन पर में उनका सिलेक्शन भी एक संयोग की तरह हुआ था, लेकिन उस एक फिल्म ने उन्हें हमेशा के लिए यादगार बना दिया.
आज भी ‘योहान’ को पहचान लेते हैं लोग
भले ही सचेत फिल्मों से दूर हैं, लेकिन तारे जमीन पर के फैंस आज भी उन्हें योहान के नाम से याद करते हैं. स्क्रीन पर होशियार बड़े भाई का किरदार निभाने वाला ये कलाकार असल जिंदगी में भी पढ़ाई और मेहनत के दम पर बड़ी सफलता हासिल कर चुका है. शायद यही वजह है कि उनकी कहानी लोगों को आज भी उतनी ही दिलचस्प लगती है जितनी 18 साल पहले उनकी फिल्म लगी थी.
यह भी पढ़ें: दूरदर्शन की रामायण की सीता का बदल गया अंदाज, गेरुआ साड़ी से अलग जींस शर्ट में आईं नजर तो फैन्स रह गए हैरान
लेखक के बारे में
उर्वशी नौटियाल
चीफ सब एडिटर
और पढ़ें




