मध्य प्रदेश

जयराम ठाकुर का सुक्खू सरकार पर हमला, बोले- कांग्रेस के नेता-मंत्री भी परेशान


हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के लगातार बदलते बयानों और झूठे वादों से प्रदेश की जनता के साथ-साथ कांग्रेस के नेता और मंत्री भी परेशान हैं. 

उन्होंने दावा किया कि हालिया पंचायत चुनाव के नतीजों ने कांग्रेस सरकार को जनता का रुख स्पष्ट कर दिया है और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी.

यह भी पढ़ें: शिमला में सुबह-सुबह कांपी धरती, 4.1 रही तीव्रता से आया भूकंप

कार्यकर्ता सम्मेलन को किया संबोधित 

ठियोग विधानसभा क्षेत्र में आयोजित नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह एवं कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने जनप्रतिनिधियों को बधाई दी और उन्हें सम्मानित किया. उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुक्खू को पंचायत चुनाव में कांग्रेस की संभावित हार का अंदेशा था, इसलिए आपदा का हवाला देकर डिजास्टर एक्ट लागू किया गया और चुनाव टालने के प्रयास किए गए. जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा ने पंचायत चुनाव करवाने के लिए सुप्रीम कोर्ट में लड़ाई लड़ी, जिसके बाद चुनाव करवाने के आदेश जारी हुए.

गारंटियों और बंद संस्थानों को लेकर घेरा

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि उनकी सरकार के कार्यकाल में ठियोग क्षेत्र में जनहित के लिए खोले गए संस्थानों को कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही राजनीतिक द्वेष के चलते बंद कर दिया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 24 लाख माताओं-बहनों को हर महीने 1,500 रुपये देने और युवाओं को पांच लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन सरकार इन वादों को पूरा करने में नाकाम रही. उन्होंने आरोप लगाया कि रोजगार देने के बजाय सरकार अपने करीबी लोगों को कैबिनेट रैंक बांटने में लगी रही.

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के बयान सुबह से शाम तक बदल जाते हैं, जिसके चलते अब लोग उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लेते. जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही जिलों के गठन का मुद्दा उठाकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विधानसभा क्षेत्रों को जोड़-तोड़कर जिले बनाए गए, तो भाजपा की सरकार बनने पर इस फैसले की समीक्षा की जाएगी.

पंचायत चुनाव में हार पर कांग्रेस पर तंज

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी जिला परिषद सदस्य तारा और नेहा भाजपा के साथ मजबूती से खड़ी रहीं. उनके अनुसार, मुख्यमंत्री सुक्खू ने पंचायत चुनाव जीतने के लिए पूरी ताकत लगा दी, लेकिन कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा.

जयराम ठाकुर ने कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान पर भी निशाना साधा. उन्होंने दावा किया कि पंचायत और स्थानीय निकाय चुनावों में हार के बाद मुख्यमंत्री को कांग्रेस हाईकमान ने दिल्ली बुलाया था. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के मंत्री हार के लिए मुख्यमंत्री की कार्यशैली को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं, जबकि मुख्यमंत्री अपनी विफलता का ठीकरा मंत्रियों पर फोड़ रहे हैं. उन्होंने यह भी दावा किया कि कुछ मंत्री नेतृत्व परिवर्तन के लिए हाईकमान पर दबाव बना रहे हैं.

प्रदेश पर बढ़ते कर्ज को लेकर उठाए सवाल

हिमाचल प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर चिंता जताते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2022 तक प्रदेश पर करीब 69 हजार करोड़ रुपये का कर्ज था, जो वर्तमान सरकार के कार्यकाल में बढ़कर लगभग 1.15 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. उन्होंने सवाल उठाया कि जब विकास कार्य प्रभावित हैं, तो इतना कर्ज आखिर किस उद्देश्य से लिया जा रहा है.

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रदेश विकास के मामले में पिछड़ रहा है. जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार के दौरान शुरू की गई हिमकेयर, सहारा, गृहिणी सुविधा और मुख्यमंत्री स्वावलंबन जैसी योजनाओं को आज भी लोग याद करते हैं.

केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए राम मंदिर निर्माण, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने और तीन तलाक के खिलाफ कानून जैसे फैसलों को ऐतिहासिक बताया. उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था वैश्विक स्तर पर मजबूत हुई है.

कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस बार-बार उन्हें राजनीतिक रूप से स्थापित करने की कोशिश कर रही है, लेकिन जनता उन्हें स्वीकार नहीं कर रही है.

अंत में जयराम ठाकुर ने ठियोग की जनता से आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा का विधायक चुनने की अपील की.उन्होंने कहा कि ठियोग में वास्तविक उत्सव तब होगा, जब यहां से भाजपा का विधायक जीतकर विधानसभा पहुंचेगा.

यह भी पढ़ें: शिमला: सवर्ण आयोग की मांग पर प्रदर्शन, मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने दिया समर्थन



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button