खबर

काला सागर में कमर्शियल जहाज पर हमला, 2 विदेशी नागरिकों की मौत; 3 भारतीय नाविक सुरक्षित, एक घायल | black sea attack on commercial vessel mv royad mammadov three indian crew safe sailors two foreign nationals dead attacked


बुखारेस्ट:

रोमानिया के पास काला सागर (Black Sea) में कमर्शियल जहाज (commercial Vessel)  एमवी रॉयाद ममादोव (MV ROYAD MAMMADOV) पर हुए हमले में दो विदेशी नागरिकों की मौत हो गई, जबकि कई चालक दल के सदस्य घायल हो गए. जहाज पर मौजूद तीन भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं. हालांकि उनमें से एक घायल हुआ है और उसका इलाज रोमानिया में चल रहा है. भारतीय दूतावास लगातार भारतीय नाविकों और अस्पताल प्रशासन के संपर्क में है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है.

ब्लैक सी में हुआ हमला

रोमानिया स्थित भारतीय दूतावास के अनुसार ब्लैक सी में वाणिज्यिक जहाज एमवी रॉयाद ममादोव पर हमला किया गया. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हमले में चालक दल के दो विदेशी सदस्यों की मौत हो गई, जबकि कुछ अन्य लोग घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए रोमानिया लाया गया, जहां उनका उपचार जारी है.

हमले की जानकारी साझा करने वाली पोस्ट

हमले की जानकारी साझा करने वाली पोस्ट

रोमानिया स्थित भारतीय दूतावास ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, ‘हमें आज ब्लैक सी में वाणिज्यिक जहाज एमवी रॉयाद ममादोव पर हुए हमले की जानकारी मिली है. प्रारंभिक सूचना के अनुसार दो विदेशी नागरिकों की मौत हुई है, जबकि कुछ चालक दल के सदस्य घायल हुए हैं और रोमानिया में उनका इलाज चल रहा है. यह भी बताया गया है कि चालक दल में तीन भारतीय नागरिक शामिल हैं.’

जहाज पर सवार थे तीन भारतीय

भारतीय दूतावास ने बताया कि जहाज के चालक दल में तीन भारतीय नागरिक भी शामिल थे. हमले के बाद दूतावास ने तत्काल स्थिति की जानकारी जुटाई और भारतीय नाविकों से संपर्क स्थापित किया. बाद में दूतावास ने पुष्टि की कि तीनों भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं. हालांकि उनमें से एक घायल हो गया है और उसे चिकित्सकीय सहायता दी जा रही है.

सभी तीनों भारतीय सुरक्षित

सभी तीनों भारतीय सुरक्षित

बाद में दूतावास ने इस पोस्ट में लिखा कि ‘तीनों भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं.हमने उनसे बात की है. उनमें से एक घायल है और उसे चिकित्सकीय सहायता दी जा रही है. हम अस्पताल प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हैं और भारतीय चालक दल के सदस्यों के वेलफेयर और सुरक्षा के लिए हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं.’

भारतीय दूतावास ने संभाला मोर्चा

न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार रोमानिया में भारत के राजदूत मनोज मोहापात्रा ने अस्पताल में उपचार करा रहे तीनों भारतीयों से बातचीत की. दूतावास के अनुसार कॉन्स्टेंटा काउंटी अस्पताल के मुख्य चिकित्सक ने पुष्टि की है कि सभी भारतीय सुरक्षित हैं और उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं मिल रही हैं. दूतावास ने कहा है कि भारतीय नाविकों की सुरक्षा व उनकी बेहतरी के लिए हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है.

बढ़ते समुद्री खतरे के बीच हमला

यह घटना ऐसे समय हुई है जब विश्व के कई महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों पर सुरक्षा चुनौतियां बढ़ी हुई हैं. फारस की खाड़ी, लाल सागर और काला सागर जैसे क्षेत्रों में हाल के वर्षों में वाणिज्यिक जहाजों पर हमलों की घटनाएं सामने आती रही हैं. इन घटनाओं का असर वैश्विक व्यापार, ऊर्जा आपूर्ति और समुद्री परिवहन पर भी पड़ रहा है.

यूक्रेन-रूस संघर्ष से कनेक्शन

ब्लैक सी क्षेत्र पिछले कुछ समय से रूस और यूक्रेन के बीच संघर्ष का प्रमुख केंद्र बना हुआ है. दोनों देशों के बीच बंदरगाहों, समुद्री मार्गों और वाणिज्यिक जहाजों को लेकर लगातार तनाव बना हुआ है.

अगस्त में यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्री सिबिहा ने भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर से बातचीत में ब्लैक सी की स्थिति और वहां नौवहन की स्वतंत्रता बहाल करने के प्रयासों पर चर्चा की थी.

यूक्रेन का कहना रहा है कि समुद्री मार्गों पर हमलों का असर केवल उसके खाद्य निर्यात पर नहीं, बल्कि वैश्विक खाद्य सुरक्षा पर भी पड़ता है.

संयुक्त राष्ट्र में भी उठा था मुद्दा

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने हाल ही में संयुक्त राष्ट्र महासभा में समुद्री सुरक्षा का मुद्दा उठाया था. उन्होंने कहा था कि खाड़ी क्षेत्र से लेकर लाल सागर और ब्लैक सी तक वाणिज्यिक जहाजों और नाविकों पर हमले हो रहे हैं, जिनमें भारतीय नाविकों समेत कई लोगों की जान गई है. जयशंकर ने इसे अस्वीकार्य बताते हुए वैश्विक समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया था.

भारतीय नाविकों के परिवारों को राहत

हमले की खबर सामने आने के बाद भारतीय नाविकों के परिवारों में चिंता का माहौल था. हालांकि दूतावास द्वारा तीनों भारतीयों के सुरक्षित होने की पुष्टि के बाद उनके परिजनों ने राहत की सांस ली है. फिलहाल घायल भारतीय नाविक का इलाज जारी है और भारतीय मिशन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है.

यह भी पढ़ें : ओमान तट के पास जहाज पर हमला, UP के सूरज यादव की मौत; 19 भारतीयों को बचाया गया





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button