
इंदौर में तीन साल से अधूरे पड़े आरई-2 के करीब एक किलोमीटर हिस्से को पूरा करने के लिए नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है. बंगाली से पीपल्याहाना के बीच सड़क निर्माण में बाधक 80 से ज्यादा निर्माण हटाए गए. कार्रवाई के दौरान हंगामे और पथराव की स्थिति भी बनी, जिसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को नियंत्रित किया.
55 करोड़ खर्च होने के बावजूद कनेक्टिविटी पिछले तीन साल से अधूरी
इंदौर में आरई-2 की अधूरी कनेक्टिविटी को पूरा करने के लिए नगर निगम ने बाधक निर्माण हटाने की कार्रवाई शुरू की. बंगाली से पीपल्याहाना के बीच बिचौली कांकड़, शिव नगर और शिव दर्शन नगर में 80 से ज्यादा बाधक निर्माण हटाए गए. मौके पर जेसीबी, पोकलेन, नगर निगम का अमला और भारी पुलिस बल तैनात रहा.
करीब 55 करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद यह सड़क कनेक्टिविटी पिछले तीन साल से अधूरी पड़ी है. नगर निगम का दावा है कि बाधाएं पूरी तरह हटने के बाद सड़क निर्माण का काम शुरू कराया जाएगा. इससे भूरी टेकरी, पीपल्याहाना, बंगाली और नायता मुंडला आरटीओ क्षेत्र को वैकल्पिक कनेक्टिविटी मिल सकेगी.
‘लाडली बहना महंगी पड़ गई’, एमपी सरकार पर बढ़ा बोझ? CM मोहन यादव का बयान
कार्रवाई के बाद प्रशासन की टीम पर लोगों ने फेंके पत्थर
कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध किया और स्थिति हंगामे में बदल गई. कार्रवाई पूरी होने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम पर कुछ लोगों ने पत्थर फेंके. इसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को नियंत्रित किया. पुलिस ने मामले में तीन महिलाओं सहित कुल 9 लोगों को हिरासत में लिया है. नगर निगम की इस कार्रवाई के बाद आरई-2 के अधूरे हिस्से को पूरा करने का रास्ता साफ होने की उम्मीद है. बाधक निर्माण हटाए जाने के बाद अब सड़क निर्माण का काम आगे बढ़ाया जाएगा.
MP में 1,500 से ज्यादा पदों पर होगी भर्ती, 3,357 कर्मचारियों को मिली पदोन्नति: मोहन यादव
