
मध्य प्रदेश के भिंड जिले में एक बार फिर सियासी संग्राम छिड़ गया है. भिंड के लहार में फिर जुबानी जंग तेज हो गई है. अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) विधायक अंबरीश शर्मा के ‘विवादित बोल’ पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने पलटवार किया और ‘खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे’ मुआवरे के जरिए उनपर तंज कसा.
दरअसल, बीते तीन अक्तूबर को दबोह नगर परिषद परिसर में बीजेपी के सेवा समर्पण अभियान का कार्यक्रम था. इस दौरान मंच से निकले विधायक अंबरीश शर्मा के तीखे शब्द अब सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गए हैं.
वीडियो में देखा गया कि बीजेपी विधायक इशारों ही इशारों में डॉ. गोविंद सिंह और उनके समर्थकों पर निशाना साध रहे हैं और बेहद आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करते सुनाई दे रहे हैं. विधायक ने कुछ लोगों को ‘गद्दार’, ‘चोर’ जैसे शब्दों और गाली-गलौज से संबोधित किया और आरोप लगाया कि लंबे समय तक क्षेत्र की जनता, किसानों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को परेशान किया गया.
‘हिंदू’ फारसी शब्द है, हमारे धर्मग्रंथों में नहीं मिलता’, दिग्विजय सिंह का बड़ा दावा
बीजेपी विधायक ने गोविंद सिंह पर लगाए ये आरोप
खाद के मुद्दे पर भी विधायक ने गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने दावा किया कि आम लोगों के लिए खाद का ठेला तक उतरवा दिया जाता था, जबकि कुछ खास लोगों के घर खाद पहुंच जाती थी. विधायक ने कथित तौर पर कहा कि ऐसे लोगों के घर रोटी खाने के लिए भी नहीं थी.
विधायक यहीं नहीं रुके. उन्होंने कुछ लोगों पर ‘गुंडागर्दी’ करने, बाहर से आकर माहौल खराब करने और नेताओं के इशारे पर गलत भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया. वायरल वीडियो में वह कथित तौर पर सामने आकर मुकाबला करने और मारपीट तक की चुनौती देते नजर आ रहे हैं.
‘मुझपर FIR है तो जनता को दिखाएं’- गोविंद सिंह
अब विधायक के बयान ने सियासी पलटवार का रूप ले लिया है. पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने अंबरीश शर्मा पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘मैं न गुंडा हूं, न खुद को गुंडा कहता हूं.’ उन्होंने चुनौती दी कि अगर उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज है तो उसका रिकॉर्ड और सबूत जनता के सामने रखा जाए.
गोविंद सिंह ने विधायक पर तंज कसते हुए कहा, “खिसियानी बिल्ली खंभा नोच रही है.” उन्होंने कहा कि लहार के विधायक क्षेत्र के सम्मानित जनप्रतिनिधि हैं और उन्हें इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए.
BJP विधायक पर 18 FIR होने का दावा
पलटवार यहीं नहीं रुका. गोविंद सिंह ने भी विधायक अंबरीश शर्मा के खिलाफ आपराधिक मामलों का दावा कर दिया. उन्होंने कथित सूची का हवाला देते हुए विधायक के खिलाफ 17 से 18 आपराधिक मामले दर्ज होने का दावा किया और कहा कि वर्ष 2012 में बीजेपी सरकार के दौरान भी गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हुए थे. हालांकि, विधायक के खिलाफ लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि इन बयानों से नहीं होती है.
गोविंद सिंह ने अपने करीब चार दशक लंबे राजनीतिक जीवन का हवाला देते हुए कहा कि अगर उनके खिलाफ कोई आपराधिक रिकॉर्ड है तो उसे सामने लाया जाए. उन्होंने खुद को लोकतांत्रिक और गांधीवादी तरीके से राजनीति करने वाला नेता बताया. यानी एक तरफ विधायक अंबरीश शर्मा के तीखे आरोप, दूसरी तरफ गोविंद सिंह का पलटवार और विधायक के खिलाफ गंभीर दावे.
लहार की राजनीति में दोनों नेताओं के बीच लंबे समय से चली आ रही राजनीतिक खींचतान अब एक बार फिर बयान बनाम पलटवार में बदल गई है. वायरल वीडियो के बाद शुरू हुआ विवाद अब आरोपों और जवाबी आरोपों तक पहुंच चुका है. अब देखना होगा कि सियासी शब्दबाणों की यह जंग यहीं थमती है या आने वाले दिनों में लहार की राजनीति में विवाद और ज्यादा गहराता है.
उज्जैन सिंहस्थ के लिए मेगा मेकओवर, 13851 करोड़ के प्रोजेक्ट्स से बदलेगी महाकाल नगरी