

गैंगस्टर हिमांशु भाऊ हुआ गिरफ्तार.
दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ एक बार फिर चर्चा में है. यह अब अमेरिका से पकड़ा गया है. जांच एजेंसियों के मुताबिक यह गैंग साल 2020 से लगातार सक्रिय है और व्यापारियों, प्रॉपर्टी डीलरों तथा सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों को निशाना बनाकर रंगदारी, अपहरण और हत्या जैसी वारदातों को अंजाम देता रहा है. पुलिस का कहना है कि इस गिरोह ने कई इलाकों में खौफ का माहौल खड़ा किया.
कौन है हिमांशु भाऊ?
हिमांशु भाऊ की उम्र महज 21 साल बताई जाती है लेकिन कम समय में उसने अपराध की दुनिया में बड़ा नाम बना लिया. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ हत्या, उगाही, हथियारों की तस्करी और ड्रग्स तस्करी सहित 30 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं. अपराध जगत में उसे कई लोग दिल्ली का ‘छोटा डॉन’ तक कहते हैं.
लॉरेंस बिश्नोई का प्रतिद्वंद्वी माना जाता है
जांच एजेंसियों का मानना है कि हिमांशु भाऊ ने कई राज्यों के बदमाशों और गैंगों से संपर्क बना रखा है. उसे गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का प्रतिद्वंद्वी भी माना जाता है. पुलिस का दावा है कि जिस तेजी से उसका नेटवर्क फैल रहा है वह कानून-व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है. वर्ष 2022 में उसने कथित तौर पर 24 घंटे के भीतर तीन हत्याओं को अंजाम देकर सनसनी फैला दी थी.
सिर पर लाखों का इनाम और रेड कॉर्नर नोटिस
हिमांशु भाऊ की तलाश में कई एजेंसियां जुटी हुई हैं. हरियाणा पुलिस ने उस पर 2.5 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है जबकि दिल्ली पुलिस की ओर से 1 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की गई है. उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी हो चुका है. जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह की रंगदारी और फिरौती से होने वाली कमाई विदेश में बैठे भाऊ तक पहुंचाई जाती है.
दिल्ली-एनसीआर में दहशत की कई वारदातें
पिछले कुछ वर्षों में भाऊ गैंग का नाम कई सनसनीखेज मामलों में सामने आया. दिसंबर 2023 में द्वारका के एक रियल एस्टेट कारोबारी पर 40 से ज्यादा गोलियां चलाई गईं और एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई. मार्च 2024 में पानीपत में शराब ठेकेदार पर हमला हुआ. इसके बाद तिलक नगर और नारायणा में कार शोरूमों पर फायरिंग की घटनाएं हुईं. जून 2024 में राजौरी गार्डन में एक फास्ट फूड आउटलेट पर गोली मारकर हत्या की वारदात ने लोगों को दहला दिया. जुलाई 2025 में दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल से भी कथित तौर पर उगाही की कोशिश की गई.
पूरी स्टोरी पढ़ें





