
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा विकासखंड में विकास के दावों की पोल खोलती एक दर्दनाक घटना सामने आई है. मूलभूत सुविधाओं के अभाव में एक गर्भवती महिला को उफनती नदी को खटिया पर लेटकर पार करना पड़ा. एम्बुलेंस समय पर नहीं पहुंच सकी और रास्ते में ही प्रसव हो गया. इस घटना ने क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्था और सड़क संपर्क की बदहाली को उजागर कर दिया है.
लोहड़ी मोहल्ला (ग्राम हथोड़ा) में करीब 20 परिवार रहते हैं. इन लोगों को मुख्य सड़क तक पहुंचने के लिए एक नदी पार करनी पड़ती है. दशकों से ग्रामीण पुल निर्माण की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन प्रशासन की उदासीनता के कारण आज भी स्थिति जस की तस है. बारिश के मौसम में नदी उफनने पर ग्रामीणों की मुश्किलें कई गुना बढ़ जाती हैं.
‘रावण तो यह भी हैं बस रूप बदल गए हैं,’ राम मंदिर में चढ़ावा चोरी पर भड़के धीरेंद्र शास्त्री
युवाओं ने खटिया पर लिटा कर पार कराया नदी
बुधवार को मोहल्ले की एक गर्भवती महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई. आशा कार्यकर्ता ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को सूचना दी, लेकिन खराब कनेक्टिविटी के कारण वाहन नहीं पहुंच सका. महिला की हालत बिगड़ती देख गांव के जांबाज युवाओं ने तुरंत खटिया पर उसे लिटाया और नदी पार कराने का फैसला लिया. जान जोखिम में डालकर युवा नदी के तेज पानी में खटिया को संभाले आगे बढ़े. इसी दौरान रास्ते में महिला की डिलीवरी हो गई. बाद में उन्हें बाइक की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया.
जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ
अमरवाड़ा के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. के. ठाकुर ने बताया कि घोघरा ग्राम के कंवारी मोहल्ले की निवासी सविता विश्वकर्मा को प्रसव पीड़ा के बाद अस्पताल लाया गया. वर्तमान में जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं. हालांकि, ग्रामीणों और प्रशासनिक रिकॉर्ड में गांव के नाम को लेकर विसंगति है, लेकिन घटना की सच्चाई से इनकार नहीं किया जा सकता.
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. लोग प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं. उन्होंने पूछा है कि जब विकास के दावे किए जा रहे हैं तो बुनियादी सुविधाएं जैसे पुल, सड़क और स्वास्थ्य सेवाएं क्यों उपलब्ध नहीं हैं? ग्रामीणों का कहना है कि यदि पुल बन जाता तो ऐसी जानलेवा स्थिति पैदा ही नहीं होती. स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से इस मामले में तुरंत संज्ञान लेने और पुल निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की जा रही है.
13 सेकंड में 15 बार मारा चाकू! उज्जैन में युवती पर जानलेवा हमला; वाहन छोड़कर भागा आरोपी