
मनाली में अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल के पास एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में राजस्थान के एक पर्यटक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए. हादसे में पर्यटकों से भरी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और निर्माणाधीन पुल की सरियों में फंस गई.
मंगलवार रात करीब 10 बजे मनाली से लाहौल की ओर जा रही स्कॉर्पियो (आरजे यूडी 4099) अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल से बाहर निकलते ही अनियंत्रित हो गई. चालक मोड़ पर गाड़ी को घुमा नहीं पाया और तेज रफ्तार में गाड़ी चंद्रा नदी किनारे बन रहे निर्माणाधीन पुल पर जा गिरी. इसमें वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और एक की मौत हो गई.
Himachal: मानसून की पहली बारिश का कहर, भूस्खलन से शिमला-मटौर NH-205 बंद, कई रूट डायवर्ट
राजस्थान के रहने वाले हैं पर्यटक
मृतक की पहचान 34 वर्षीय कैलाश पुत्र गोविंद राम, निवासी सीकर (राजस्थान) के रूप में हुई है. हादसे में राजेंद्र (सीकर), आदित्य (लखीमपुर, उत्तर प्रदेश) और वाहन चालक सिद्धार्थ (सीकर) घायल हुए हैं. घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
पुलिस ने शुरू की जांच
स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य किया. पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के सही कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और मोड़ पर नियंत्रण खोने को मुख्य वजह माना जा रहा है.
पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह
अटल टनल क्षेत्र में रात के समय यातायात और मौसम की चुनौतियों को देखते हुए प्रशासन ने पर्यटकों से सतर्कता बरतने और सुरक्षित ड्राइविंग करने की अपील की है. इस हादसे से पर्यटन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय लोगों ने घटना पर दुख जताया है. पुलिस ने आगे की जांच के लिए गाड़ी को जब्त कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.