
भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय महासचिव गजेंद्र सिंह पटेल ने मंगलवार (25 अगस्त) को आरोप लगाया कि विदेशी ताकतें देश को विभाजित करने के लिए छात्रों को आंदोलनों के लिए बरगला रही हैं और उनके बीच द्वेष फैलाने का काम कर रही हैं. उन्होंने युवाओं से अपनी मांगें मर्यादा में रखने की अपील की.
इंदौर में पटेल ने कहा, ‘‘सोशल मीडिया पर एक विचार का जाल फेंके जाने के बाद जेन-जी के युवा इससे जुड़ गए, लेकिन देश में इस विचार को परदे के पीछे से बाहरी तत्वों द्वारा समर्थन दिया गया.’’
बीजेपी महासचिव से दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP के आंदोलन की तर्ज पर अलग-अलग प्रदेशों में छात्रों के विरोध प्रदर्शन शुरू होने को लेकर प्रतिक्रिया मांगी गई थी. इस पर उन्होंने कहा कि पहले देश में होने वाले छात्र आंदोलन सकारात्मक नजरिये से होते थे और उनमें नेताओं के प्रति सम्मानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया जाता था.
ग्वालियर: गर्लफ्रेंड ने सफेद कार पर किया था 3400 बार किस! पुलिस ने लगवाया पोछा
‘विदेशी ताकतें जहर और द्वेष फैला रहीं’
पटेल ने कहा, ‘‘अभी जिस प्रकार से कई विदेशी ताकतें इस देश को विभाजित करने के लिए विद्यार्थियों के बीच जहर और द्वेष फैलाने का काम कर रही हैं, वह सब लोगों के ध्यान में आ रहा है. हालांकि, हमारे युवा बहुत समझदार हैं और वे भी इस बात को समझ रहे हैं.’’
उन्होंने कहा कि वह युवाओं से आग्रह करते हैं कि वे अपनी मांगें ‘मर्यादा में’ करें, क्योंकि सत्तारूढ़ भाजपा उनकी हर समस्या का निराकरण कर रही है.
25 किलोमीटर पैदल मार्च पर भी बोले
पटेल लोकसभा में राज्य के आदिवासी बहुल खरगोन-बड़वानी क्षेत्र की नुमाइंदगी करते हैं. बड़वानी जिले के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के शिक्षकों पर जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल और अभद्र बर्ताव के आरोप लगाते हुए सोमवार को करीब 200 छात्र-छात्राओं ने लगभग 25 किलोमीटर तक पैदल मार्च किया था.
इस मामले पर पटेल ने कहा, ‘‘विद्यालय के किसी शिक्षक के कारण थोड़ी-बहुत त्रुटियां हो सकती हैं, लेकिन बच्चों को सड़क पर नहीं आना चाहिए. हम बच्चों के साथ हैं और उनकी समस्याओं का निश्चित तौर पर निराकरण होगा.’’
उन्होंने दावा किया कि पिछले एक साल से सक्रिय कुछ संगठनों ने इस विद्यालय के विद्यार्थियों को बरगला कर उनसे विरोध प्रदर्शन कराया.
MP में अब पांचवीं कैटेगरी से भी पहचाने जाएंगे युवा, रोजगार के लिए सरकार की नई योजना
एथनॉल उत्पादन और चीनी की महंगाई पर भी बयान
बीजेपी महासचिव ने कहा कि देश एथनॉल उत्पादन को लेकर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है. इससे रोजगार के अवसरों में इजाफा हो रहा है और ईंधन क्षेत्र को भी इसका फायदा मिल रहा है.
चीनी की महंगाई को पटेल ने ‘अल्पकालीन समस्या’ करार दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष चीनी के मुद्दे पर जनता को भ्रमित करने के लिए दुष्प्रचार कर रहा है.