

सर्दियों का मौसम आते ही सर्दी-जुकाम, गले में खराश, सिरदर्द, कमर दर्द और जोड़ों की परेशानी जैसी समस्याएं बढ़ने लगती हैं. ऐसे में शरीर को अंदर से गर्म और मजबूत रखने के लिए पोषक तत्वों से भरपूर चीजों का सेवन करना जरूरी होता है. अगर आप भी सर्दियों में कुछ हेल्दी और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो बिना चीनी और गुड़ के तैयार होने वाले ये ड्राई फ्रूट लड्डू आपके लिए एक अच्छा ऑप्शन हो सकते हैं. मिठास के लिए इसमें सिर्फ खजूर का इस्तेमाल किया गया है, जो सर्दियों में आपके शरीर को गर्म रखता है. इस स्पेशल रेसिपी को यूट्यूब चैनल Poonam’s Kitchen से लिया गया है, जिसमें बहुत ही सिंपल तरीके से रेसिपी बताई गई है. यहां जानते हैं रेसिपी-
वीडियो में देखें रेसिपी…
बिना चीनी-गुड़ के बनाएं लड्डू
आवश्यक सामग्री
बादाम – 3/4 कप
काजू – 1/2 कप
अखरोट – 2/3 कप
पिस्ता – 1/4 कप
मगजतरी, कद्दू और सूरजमुखी के बीज – 2-2 टेबलस्पून
सूखा नारियल – 1 कप
खसखस – 2 टेबलस्पून
गोंद – 1/3 कप
देसी घी – 5 टेबलस्पून
बिना बीज वाले खजूर – 400 ग्राम मुलायम
इलायची पाउडर – 1/2 टीस्पून
सोंठ पाउडर – 1/2 टीस्पून
काली मिर्च पाउडर – स्वादानुसार
बनाने की विधि
सबसे पहले एक पैन में 1 टेबलस्पून घी गर्म करें और बादाम को धीमी-मध्यम आंच पर सुनहरा होने तक भून लें. इसके बाद उसी पैन में काजू, अखरोट और पिस्ता डालकर अच्छी तरह भूनें और निकाल लें.
अब पैन में थोड़ा घी डालकर मगजतरी, कद्दू और सूरजमुखी के बीजों को भूनें. जब बीज हल्के फूलने लगें तो इन्हें अलग निकाल लें. इसके बाद सूखे नारियल को हल्का सुनहरा होने तक भूनें और उसमें खसखस डालकर कुछ सेकंड और भून लें. अब 3 टेबलस्पून घी में गोंद को थोड़ा-थोड़ा करके तलें. गोंद पूरी तरह फूल जाए तो निकालकर ठंडा करें और हल्का क्रश कर लें.
भुने हुए ड्राई फ्रूट्स को चॉपर या मिक्सर में दरदरा पीस लें. इसमें भुने हुए बीज, नारियल और क्रश किया हुआ गोंद मिलाएं. अब खजूर को बारीक चॉप कर लें. एक पैन में 1 टेबलस्पून घी गर्म कर खजूर को कुछ मिनट तक भूनें, ताकि वह मुलायम हो जाए. इसमें इलायची पाउडर, सोंठ पाउडर और चाहें तो काली मिर्च पाउडर मिलाएं. गर्म खजूर में तैयार ड्राई फ्रूट मिश्रण डालकर अच्छी तरह मिलाएं. जब मिश्रण हाथ से छूने लायक गर्म रहे, तभी इसके छोटे-छोटे लड्डू बना लें.
ये भी पढ़ें – चावल की खीर तो बहुत खाई होगी, क्या कभी खाई है दाल की खीर, एक बार जरूर करें ट्राई





