

सोने की कीमतों में साल 2026 के दौरान बड़ी गिरावट देखने को मिली है. जनवरी में करीब ₹1.80 लाख प्रति 10 ग्राम के ऑल टाइम हाई पर पहुंचने के बाद सोना अपने रिकॉर्ड लेवल से लगभग 30% टूट चुका है. लेकिन इस गिरावट के बावजूद जिसने 5 साल पहले पैसा लगाया था, वह आज भी फायदे में है. अगर पिछले 5 साल का रिटर्न देखें, तो सोने ने निवेशकों को शानदार कमाई कराई है. नवंबर 2021 में सोने में लगाए गए ₹1 लाख अब करीब ₹2.90 लाख हो चुके हैं.
5 साल में 190% का बंपर रिटर्न
आंकड़ों के मुताबिक, 24 कैरेट सोने की कीमत 30 नवंबर 2021 को करीब ₹43,000 प्रति 10 ग्राम थी, जो 28 नवंबर 2026 को बढ़कर करीब ₹1.25 लाख हो गई. इस दौरान सोने ने करीब 190% का रिटर्न दिया. अगर किसी निवेशक ने 5 साल पहले सोने में ₹1 लाख लगाए होते, तो नवंबर 2026 तक उसकी रकम बढ़कर करीब ₹2.90 लाख हो जाती.
2026 में अचानक क्यों फिसला सोना?
इस साल सोने की कीमतों में आई तेज गिरावट ने निवेशकों के बीच चिंता बढ़ाई है. अमेरिका में उम्मीद से ज्यादा महंगाई के आंकड़े और आर्थिक ग्रोथ के अनुमान में बढ़ोतरी से फेडरल रिजर्व के ब्याज दरें बढ़ाने की आशंका मजबूत हुई. इससे सोना सितंबर 2025 के बाद के सबसे निचले स्तर तक पहुंच गया.हालांकि, पांच साल के आंकड़े बताते हैं कि हालिया गिरावट के बावजूद सोने की कुल कमाई मजबूत बनी हुई है.
केंद्रीय बैंक खरीद रहे सोना, भारत में घटा गहनों का कारोबार
वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के मुताबिक, 2026 की तीसरी तिमाही में दुनियाभर के केंद्रीय बैंकों ने 321 टन सोना खरीदा, जो पिछले साल की इसी अवधि से 42% ज्यादा है. गोल्ड ETF में भी 211 टन की खरीदारी हुई और इनकी कुल होल्डिंग 4,256 टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई.
दूसरी तरफ, भारत में जुलाई-सितंबर तिमाही के दौरान सोने की मांग सालाना आधार पर 29% घटकर 162.5 टन रह गई. गहनों की मांग 20% और बार- कॉइन की खरीद 40% घटी. हालांकि, गोल्ड ETF की मांग पिछली तिमाही के 3.6 टन से बढ़कर 5.3 टन हो गई. ऊंची कीमतों और इंपोर्ट ड्यूटी में बढ़ोतरी ने फिजिकल गोल्ड की मांग पर असर डाला.
एक हफ्ते में सोना-चांदी फिर चमके
सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट से जमकर खरीदारी हुई जिसकी वजह से दाम में फिर तेजी आई है. IBJA के मुताबिक, पिछले एक हफ्ते में सोना 1.94% बढ़कर ₹1,26,299 प्रति 10 ग्राम और चांदी 1.16% चढ़कर ₹1,54,300 प्रति किलो हो गई.शुक्रवार को MCX पर दिसंबर डिलीवरी वाला सोना 0.12% बढ़कर ₹1,25,350 और चांदी 4.80% उछलकर ₹1,52,843 प्रति किलो पहुंच गई.
कमोडिटी मार्केट की नजर अब 8-9 दिसंबर की फेड बैठक पर है. डॉलर कमजोर होने और अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड घटने पर सोने-चांदी में तेजी आगे बढ़ सकती है, जबकि फेड का सख्त रुख फिर दबाव बना सकता है. टेक्निकल लेवल पर MCX गोल्ड का रेजिस्टेंस ₹1,26,300 से ₹1,27,000 और सपोर्ट ₹1,21,000 से ₹1,21,700 है. वहीं, सिल्वर का रेजिस्टेंस ₹1,56,000 से ₹1,58,000 और सपोर्ट ₹1,47,000 से ₹1,49,000 के बीच है.
यह भी पढ़ें | IPO से पहले शेयरों की ट्रेडिंग के लिया अलग एक्सचेंज लाने की तैयारी, SEBI चीफ ने खुद बताया पूरा प्लान
यह भी पढ़ें | ₹22,000 करोड़ के भारी नुकसान के बाद वापसी की तैयारी में एयर इंडिया, 600 विमानों और नए CEO के दम पर भरेगी उड़ान





