
नई दिल्ली:
संसद में परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक पेश किए जाने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज महिला आरक्षण को लेकर किए गए अपने वादे से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया. महिला आरक्षण को लेकर पीएम ने देश के नाम एक संबोधन दिया था, ये वीडियो उसका ही एक हिस्सा है, जिसमें वो 33 प्रतिशत महिला आरक्षण को लेकर अपनी प्रतिबद्धता जता रहे हैं.
पीएम मोदी ने एक्स हैंडल पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, “हमने अपनी ‘नारी शक्ति’ से एक वादा किया था और हम उसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.”
We had made a promise to our Nari Shakti and we remain committed to fulfilling it… https://t.co/ZT3TK71Psh
— Narendra Modi (@narendramodi) November 28, 2026
गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्रिमंडल की ओर से परिसीमन संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी गई है.
लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या बढ़ाने और परिसीमन को लेकर देश की राजनीति में घमासान तेज हो गया है. दक्षिण के राज्यों को डर है कि परिसीमन से संसद में उनका प्रतिनिधित्व घट जाएगा. वहीं, कांग्रेस और विपक्षी दलों ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि वह महिला आरक्षण बिल की आड़ में परिसीमन बिल पास कराना चाहती है. इस मुद्दे पर शनिवार को इंडिया ब्लॉक की भी बैठक हुई है.

दरअसल, केंद्र सरकार ने लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सदनों की सदस्य संख्या में 50 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रस्ताव किया है. इसके तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 और राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 650 किए जाने का प्रावधान है.
संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 में परिसीमन आयोग के गठन से संबंधित प्रावधान किए जाने हैं, जबकि संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 के तहत निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं के पुनर्निर्धारण का प्रावधान होगा. इसके अतिरिक्त, केंद्र शासित प्रदेशों के कानूनों में आवश्यक बदलाव करने के लिए एक अलग विधेयक भी पेश किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें: मोदी सरकार को एक झटके में मिलेगा 22 सांसदों का साथ, DMK ने दिए परिसीमन बिल पर समर्थन के पूरे संकेत
इसे भी पढ़ें: Explainer: परिसीमन क्या है और कौन तय करता है लोकसभा सीटों की संख्या? आसान भाषा में समझें





