खबर

गोंडा के जयप्रभा गांव में 9 दिवसीय राम कथा का समापन, राजन जी महाराज की कथा में उमड़ा जन सैलाब | jaiprabha ram katha mahotsav alok das rajan maharaj pawan singh anup jalota kirtidan gadhvi


गोंडा जिले के जयप्रभा गांव में स्थित जानकीनगर में भव्य कथा का समापन हुआ. महंत आलोक दास जी महाराज के संयोजन में आयोजित नौ दिवसीय श्रीराम कथा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति, आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक उत्सव का अद्भुत संगम बनकर संपन्न हुआ. नौ दिनों तक यहां श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ता रहा और पूरा क्षेत्र राममय हो गया. चिन्मय ग्रामोदय विद्या मंदिर इंटर कॉलेज एवं पंडित दीनदयाल शोध संस्थान परिसर में आयोजित इस महोत्सव में दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग पहुंचे. प्रतिदिन आयोजित श्रीराम कथा में श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, त्याग, प्रेम, करुणा और धर्म के संदेश को आत्मसात किया. 

राजन जी महाराज ने सुनाई कथा

महोत्सव के दौरान कथावाचक राजन जी महाराज ने श्रीराम कथा के विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से जीवन में सकारात्मक सोच, धैर्य, संयम और आत्मविश्वास का महत्व समझाया. उन्होंने कहा कि कथाएं केवल धार्मिक श्रवण का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ज्ञान, भक्ति और वैराग्य प्रदान करने के साथ जीवन को सही दिशा देने का कार्य करती हैं. प्रत्येक परिस्थिति को स्वीकार कर स्वयं को बेहतर बनाने का प्रयास करना चाहिए. राम नाम का स्मरण मनुष्य के जीवन में शांति और कल्याण का मार्ग प्रशस्त करता है. कथा सुनने के लिए सुबह से ही पंडाल में श्रद्धालुओं की भीड़ जुट जाती थी. महिलाएं, बुजुर्ग, युवा और बच्चे सभी कथा में तल्लीन नजर आए. 

Latest and Breaking News on NDTV

संतों के लिए बने 100 कॉटेज

आयोजन की भव्यता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि देशभर से आने वाले साधु-संतों और श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए करीब 100 कॉटेज बनाए गए थे. इसके साथ ही 5 बड़े पंडाल तैयार किए गए थे. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूरे जनपद में कई रूटों पर निःशुल्क बस सेवा चलाई गई. कथा पंडाल तक आने-जाने के लिए भी बसों की व्यवस्था थी, ताकि दूर-दराज के गांवों से आने वाले लोगों को कोई परेशानी न हो. प्रतिदिन भव्य भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें कथा में आने वाले श्रद्धालुओं को प्रसाद और भोजन उपलब्ध कराया गया. सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कथा परिसर में सीसीटीवी कैमरे, पुलिस और प्राइवेट सुरक्षा की मदद ली गई. 

सीएम मोहन यादव समेत कई दिग्गज पहुंचे

जयप्रभा ग्राम में हो रही राम कथा में पहले दिन से ही दिग्गजों का जमावड़ा लगा रहा। कथा के पहले से ही बाबा रामदेव कथा स्थल में प्रवास कर रहे थे. पहले ही दिन कथा में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, जगद्गुरु महामंडलेश्वर संतोष दास उर्फ सतुआ बाबा, महंत राजकुमार दास, पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह, विधायक पल्टूराम, विधायक प्रतीक भूषण सिंह समेत कई अन्य विधायक पहुंचे. कार्यक्रम में पहुंचे डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने महंत आलोक दास जी महाराज के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन सनातन संस्कृति के संरक्षण और प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. 

Latest and Breaking News on NDTV

नौ दिवसीय श्रीराम कथा के विश्राम के बाद दो दिवसीय विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें कई विद्यालयों के बच्चों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं, मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और अपनी प्रतिभा के माध्यम से दर्शकों का दिल जीत लिया. पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं ने तालियां बजाकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया. महंत आलोक दास जी महाराज ने श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर उनसे मुलाकात की और बच्चों को प्रोत्साहित किया। इस दौरान श्रद्धालुओं में उनके साथ सेल्फी लेने का विशेष उत्साह देखने को मिला. सभी प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनकी प्रतिभा का उत्साहवर्धन भी किया गया. 

Latest and Breaking News on NDTV

पवन सिंह के भक्ति गीत 

महोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भोजपुरी गायक पवन सिंह और गायिका अर्पिता दीक्षित की भक्ति गीतों की प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण रहीं. उनके भजनों और भक्तिमय गीतों पर पूरा पंडाल तालियों और जयकारों से गूंज उठा. मुंबई से पहुंचे अभिनेता वर्धमान सिंह ने भी मंच पर पहुंचकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई. कलाकारों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को देर शाम तक भक्तिरस में सराबोर रखा. इस अवसर पर महंत आलोक दास जी महाराज ने पवन सिंह को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया. वहीं आयोजन में शामिल अन्य कलाकारों और अतिथियों का भी स्वागत एवं सम्मान किया गया. सांस्कृतिक कार्यक्रम के दूसरे दिन भी कई प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ. कीर्तिदान गढवी की मनमोहक प्रस्तुति ने लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया, वहीं भजन सम्राट अनूप जलोटा की विशेष प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया.





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button