मध्य प्रदेश

एमपी में बड़ी गड़बड़ी, 4.42 करोड़ का सरकारी चावल रास्ते से गायब! 32 ट्रक अचानक खाली


मध्य प्रदेश में सरकारी खाद्यान्न की हेराफेरी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां कटनी से तीन जिलों के लिए भेजा गया 4 करोड़ 42 लाख रुपये से अधिक कीमत का फोर्टिफाइड चावल रास्ते से ही गायब हो गया. सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत गरीबों तक पहुंचने वाला यह अनाज 31 ट्रकों में लोड कर रवाना किया गया था, लेकिन इनमें से महज एक ट्रक ही अपने गंतव्य तक पहुंचा. 

हैरानी की बात यह है कि 31 ट्रकों की डिलीवरी दिखाने के लिए कंप्यूटर से फर्जी पावतियां तक तैयार कर ली गईं. जांच में फर्जीवाड़े का खुलासा होने के बाद परिवहन फर्म भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस के चार साझेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. वहीं, अब खाद्य मंत्री ने भी मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं.

यह भी पढ़ें: रीवा में 20 करोड़ के प्लांट का 2 बार लोकार्पण, कांग्रेस-बीजेपी में छिड़ी जंग

हरदा के 14, नीमच के 10 और इंदौर के 7 ट्रक नहीं पहुंचे

दरअसल, यह पूरा मामला वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान सरकारी खाद्यान्न परिवहन से जुड़ा है. मध्य प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के कटनी केंद्र से इंदौर, हरदा और नीमच के सार्वजनिक वितरण प्रणाली के गोदामों के लिए 32 ट्रकों में फोर्टिफाइड चावल भेजा गया था. इन ट्रकों में कुल 21 हजार 765 बोरियां यानी 10 हजार 797 क्विंटल से अधिक चावल लोड था, जिसकी कीमत 4 करोड़ 42 लाख 71 हजार 718 रुपये बताई गई है. लेकिन जब संबंधित जिलों में खाद्यान्न की वास्तविक स्थिति का सत्यापन कराया गया, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ. हरदा के 14, नीमच के 10 और इंदौर के 7 ट्रक निर्धारित गोदामों तक पहुंचे ही नहीं. यानी कुल 31 ट्रकों में भरा सरकारी चावल गायब मिला. 

घोटाले का खुलासा होने के बाद जब परिवहन फर्म से जवाब मांगा गया, तो फर्म के साझेदारों ने सभी ट्रकों की डिलीवरी होने का दावा करते हुए पावतियां पेश कर दीं. लेकिन कागजों पर दिखाई गई इस डिलीवरी की जब हकीकत जांची गई, तो पूरा खेल सामने आ गया. हरदा, नीमच और इंदौर के अधिकारियों से पावतियों का भौतिक सत्यापन कराया गया, जिसमें वे फर्जी पाई गईं. जांच में सामने आया कि पावतियों पर गोदाम प्रभारियों के हस्ताक्षर और सील कंप्यूटर के जरिए पेस्ट किए गए थे. 

ऑनलाइन पोर्टल पर भी चावल की जानकारी नहीं

इतना ही नहीं, संबंधित जिलों के आवक रजिस्टर और ऑनलाइन पोर्टल पर भी चावल प्राप्त होने का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला. कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर हुई जांच और मध्यप्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के कटनी प्रभारी जिला प्रबंधक रविकांत ठाकुर की शिकायत के आधार पर रंगनाथ नगर पुलिस ने परिवहनकर्ता फर्म भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस के चार साझेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. 

इनमें भोपाल निवासी दीपक जैन, चाकघाट रीवा निवासी किशन केशरवानी, शांति मिश्रा और त्योंथर रीवा निवासी मनोज कुमार तिवारी के नाम शामिल हैं. वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंध संचालक ने फर्म को कटनी जिले के परिवहन कार्य से प्रतिबंधित कर दिया है.

मंत्री ने जांच दल किया गठित

इधर, मामला सामने आने के बाद प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने भी सख्त रुख अपनाया है. मंत्री ने मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों का जांच दल गठित कर सात दिन के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं. अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर करोड़ों रुपये का सरकारी खाद्यान्न रास्ते में कहां गायब हुआ? फर्जी पावतियां किसने तैयार कीं और इस पूरे खेल में परिवहन फर्म के अलावा विभागीय स्तर पर किसी की भूमिका थी या नहीं? जांच में इन सवालों के जवाब सामने आने का इंतजार है. 

गौरतलब है कि फोर्टिफाइड चावल में आयरन, फोलिक एसिड और विटामिन बी-12 जैसे पोषक तत्व मिलाए जाते हैं, ताकि गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पोषण उपलब्ध कराया जा सके. ऐसे में करोड़ों रुपये के इस खाद्यान्न का गायब होना न केवल सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचाने का मामला है, बल्कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली की निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है.

यह भी पढ़ें: CM मोहन यादव ने ‘मां नर्मदा सेवा परिक्रमा’ का किया शुभारंभ, पूजा-आरती की



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button