

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए आज का दिन जिंदगी का सबसे भारी है, सुबह जब उनकी मां सावित्री देवी की अंतिम यात्रा पैतृक गांव पंचूर से हरिद्वार के लिए शुरू हुई तो वह भावुक हो गए, उनकी आंखों से आंसू निकल पड़े. पंचूर गांव से उनकी अंतिम यात्रा हरिद्वार के लिए निकल चुकी है. इस दौरान वह अपने परिजनों के साथ अंतिम संस्कार से पहले घर में होने वाली क्रियाओं में शामिल रहे, सीएम योगी ने भावुक मन से मां को घर में अंतिम नमन किया और उनकी अर्थी को कंधा दिया. मां सावित्री देवी की अंतिम यात्रा चंडीघाट के लिए रवाना हो गई, जिसमें सीएम योगी के साथ बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं.
पंचूर गांव से निकली अंतिम यात्रा
सीएम योगी की मां सावित्री देवी की अंतिम यात्रा शनिवार सुबह करीब 7 बजे पंचूर स्थित पैतृक आवास से शुरू हुई है. मां के पार्थिव शरीर को फूलों से सजाया गया था, जैसे ही अर्थी उठी, पूरा गांव ‘हर हर महादेव’ और ‘राम नाम सत्य है’ के जयकारों से गूंज उठा. सीएम योगी अर्थी के साथ कुछ कदम चले, फिर वहीं खड़े होकर मां को जाते हुए देखते रहे. इस दौरान उनकी आंखें भर आईं. सीएम योगी ने अपने आंसू पोंछे, लेकिन फिर भी उनकी आंखें नम ही रहीं, वह काफी देर तक मौन खड़े रहे. मां के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित किए और माथा टेककर अंतिम प्रणाम किया.
नास्ति मातृसमा छाया नास्ति मातृसमा गतिः। नास्ति मातृसमं त्राणं नास्ति मातृसमा प्रिया॥ 🙏 https://t.co/usBszRtWjQ
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 21, 2026
रातभर मां के पास बैठे रहे सीएम योगी
इससे पहले वह कल शाम को ही अपने घर पहुंच गए थे, जहां तब से ही वह बेहद भावुक थे, मां के पार्थिव शरीर को देखकर उनकी आंखें नम हो गई थीं. उन्होंने पुष्प अर्पित किए और काफी देर तक मां को एकटक निहारते रहे. सीएम योगी पूरी रात मां की पार्थिव देह के पास ही बैठे रहे, उन्होंने परिजनों से बातचीत की थी. उन्होंने सोशल मीडिया पर मां के साथ अपनी तस्वीर शेयर करते हुए सिर्फ तीन शब्द लिखे थे, ‘माँ… ॐ शांति’. वह कुछ समय पहले भी जब अपनी मां से मिलने पहुंचे थे, उन्होंने मां का आशीर्वाद लेते हुए फोटो शेयर किया था.
माँ… विनम्र श्रद्धांजलि🙏 https://t.co/rkTpT73YrE
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 21, 2026
पचूर गांव में ही रहती थी सीएम योगी की मां
सीएम योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी पचूर गांव में ही रहती थी. बेटे के मुख्यमंत्री बनने के बाद भी उन्होंने गांव में ही साधारण जीवन बिताया था, वह बेहद सरल, मिलनसार और सभी से घुल-मिल जाने वाली थीं. गांव के लोग बताते हैं कि वह हर किसी से अपनेपन से मिलती थीं. सीएम योगी की मां से आखिरी मुलाकात इसी साल 7 मई को हुई थी, जब वह पंचूर पहुंचे थे और मां का आशीर्वाद लिया था. उस वक्त किसी ने नहीं सोचा था कि वह मुलाकात आखिरी होगी.
ये भी पढे़ंः रातभर मां के पार्थिव शरीर शरीर के पास बैठे रहे सीएम योगी, आज हरिद्वार में होगा अंतिम संस्कार





