

Rajasthan Panchayat Chunav Final Result: राजस्थान के 37 जिला परिषदों में कांग्रेस ने 23 जिलों में जीत हासिल की है, जबकि बीजेपी को 5 जिलों में बहुमत मिला है. एक जिले में हनुमान बेनीवाल की आरएलपी जीती है, जबकि 8 जिलों में किसी को बहुमत नहीं मिला है. यहां निर्दलीय किंगमेकर की भूमिका में नजर आ रहे हैं. जयपुर, जोधपुर, अलवर, सीकर जैसे बड़े जिलों में इस बार कांग्रेस को पूर्ण बहुमत मिला है. जबकि उदयपुर, पाली, अजमेर, झालवाड़ जिलों में बीजेपी ने पूर्ण बहुमत हासिल किया है. नागौर में आरएलपी ने चुनाव जीता है. चार जिले कोटा, श्रीगंगानगर, बारां और करौली जिलों में 17 दिसंबर को काउंटिंग होगी. राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस को बड़ी जीत मिली है, वहीं बीजेपी को यह नतीजे झटके वाले साबित हुए हैं.
राजस्थान के इन जिलों में जीती कांग्रेस
राजस्थान जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस ने जयपुर से लेकर मारवाड़ और मेवाड़ तक बड़ी जीत हासिल की है. जिन जिलों में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत मिला है, उनमें जयपुर, जोधपुर, अलवर, सीकर, बाड़मेर, भरतपुर, बीकानेर, झुंझुनूं, दौसा, चित्तौड़गढ़, जैसलमेर, कोटपूतली-बहरोड़, चूरू, जालोर, टोंक, धौलपुर, फलौदी, बूंदी, भीलवाड़ा, राजसमंद, सवाई माधोपुर, सिरोही, हनुमानगढ़, डीग और बांसवाड़ा जिलों में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत मिला है. यहां कांग्रेस का बोर्ड बनेगा.
राजस्थान के इन जिलों में जीती भाजपा
- अजमेर
- पाली
- झालावाड़
- उदयपुर
- ब्यावर
जयपुर में कांग्रेस की सबसे बड़ी जीत
राजस्थान जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस को जयपुर में सबसे बड़ी जीत मिली है. यहां जिला परिषद की 57 सीटों में से कांग्रेस ने 41 सीटें जीतीं हैं, जबकि बीजेपी को केवल 12 सीटें मिली हैं. हालांकि बड़ा उलटफेर यह है कि कांग्रेस के जिला परिषद के प्रमुख माने जा रहे मोहन डागर अपना चुनाव हार गए हैं. उनकी जगह अब कांग्रेस किसी नए प्रत्याशी को जिला परिषद प्रमुख बनाएगी. अलवर में भी कांग्रेस एकतरफा जीती है, यहां कांग्रेस ने 39 में से 33 सीटें जीतीं, बीजेपी 4 पर रह गई. चित्तौड़गढ़ में 35 में से 28, टोंक में 31 में से 25, हनुमानगढ़ में 37 में से 26, बीकानेर में 41 में से 30 और भरतपुर में 31 में से 21 सीटें कांग्रेस ने जीतीं. भरतपुर सीएम भजनलाल शर्मा का गृह जिला है.
उदयपुर में बीजेपी की हैट्रिक
बीजेपी के लिए सबसे अच्छी खबर उदयपुर से ही आई है. यहां भाजपा ने हैट्रिक लगाई है. यहां की 47 सीटों में से बीजेपी को 16, कांग्रेस को 13 और BAP को 1 सीट मिली, लेकिन पंचायत समितियों को मिलाकर बीजेपी वहां बोर्ड बनाने की स्थिति में है. पाली में भी बीजेपी ने 20 सीटें जीतकर कांग्रेस को 13 सीटों पर रोक दिया. अजमेर में बीजेपी ने 33 में से 19 सीटें जीतकर जिला परिषद बचाई, हालांकि यहां बीजेपी की बड़ी नेता सुशील कंवर पलाड़ा अपना वार्ड हार गईं. पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के गृह जिले झालावाड़ में बीजेपी ने 33 में से 17 सीटें जीतकर बहुमत का आंकड़ा छुआ है.
हनुमान बेनीवाल ने दिखाया दम
राजस्थान पंचायत चुनाव में हनुमान बेनीवाल की पार्टी आरएलपी ने फिर दम दिखाया है. अपने गृह जिले नागौर में उन्होंने जीत हासिल की है. हनुमान बेनीवाल की पार्टी ने 37 में से 19 वार्ड जीतकर बहुमत का आंकड़ा ठीक-ठीक छू लिया. कांग्रेस 11 और बीजेपी 7 पर रह गई, पहली बार RLP किसी जिला परिषद में अपने दम पर बोर्ड बनाएगी. इसके अलावा RLP ने पंचायत समितियों में भी धमाका किया है, पार्टी ने 496 पंचायत समिति वार्ड जीते, सीएम भजनलाल शर्मा के विधानसभा क्षेत्र सांगानेर की पंचायत समिति में भी RLP ने 8 सीटें जीतकर बोर्ड बनाया है.
राजस्थान के 8 जिलों में निर्दलीय किंगमेकर
- बांसवाड़ा
- डूंगरपुर
- डीडवाना-कुचामन
- बालोतरा
- डीग
- सलूम्बर
इन 8 जिलों में किसी पार्टी को बहुमत नहीं मिला है. बांसवाड़ा में कांग्रेस 21 सीटों के साथ बहुमत से सिर्फ 1 दूर है, लेकिन BAP की 17 सीटें तय करेंगी कि जिला प्रमुख किसका होगा. डूंगरपुर में BAP 14, बीजेपी 14 और कांग्रेस 9 पर है, यहां तो हर दल को दूसरे की जरूरत पड़ेगी. डीग में कांग्रेस 14, बीजेपी 10 पर है. डीडवाना-कुचामन में कांग्रेस 14, बीजेपी 12 पर है। बालोतरा में बीजेपी और कांग्रेस 12-12 पर बराबर हैं. सलूम्बर में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी है, लेकिन बहुमत नहीं है. इन जिलों में निर्दलीय और छोटे दलों के 13 जिला परिषद सदस्य किंगमेकर बनेंगे. 25 नवंबर को जिला प्रमुख और 27 नवंबर को प्रधान का चुनाव होगा.
भारतीय आदिवासी पार्टी का भी अच्छा प्रदर्शन
राजस्थान में भारतीय आदिवासी पार्टी का प्रदर्शन भी मिला जुला रहा है. बांसवाड़ा में कांग्रेस 21 और BAP 17 सीटों पर रही, डूंगरपुर में BAP और बीजेपी दोनों 14-14 पर बराबर रहे. BAP को कुल 43 जिला परिषद वार्ड और 276 पंचायत समिति वार्ड मिले हैं. बांसवाड़ा-डूंगरपुर में BAP के बिना कोई बोर्ड नहीं बनेगा.
राजस्थान में चुनाव आयोग के आंकड़े
राजस्थान पंचायत चुनाव में राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक 37 जिलों में से कांग्रेस 25 जिला परिषदों में बोर्ड बनाने की स्थिति में है, बीजेपी सिर्फ 9 पर सिमटी है. एक जिला परिषद अन्य के खाते में गई है और 2 में किसी को बहुमत नहीं मिला है. पंचायत समितियों में भी यही कहानी है, 418 में से कांग्रेस ने 269, बीजेपी ने 73 और अन्य ने 63 समितियों में बोर्ड बनाया है. जिला परिषद के कुल 1,271 घोषित वार्डों में कांग्रेस ने 794 वार्ड जीते हैं, बीजेपी को 357 वार्ड मिले हैं. तीसरे नंबर पर हनुमान बेनीवाल की RLP है, जिसे 51 वार्ड मिले. भारत आदिवासी पार्टी को 43, माकपा को 7, बसपा को 6 और निर्दलीय को 13 वार्ड मिले हैं.
2020 के पंचायत चुनाव में बीजेपी ने 29 में से 16 जिला परिषदें जीती थीं और कांग्रेस को 10 मिली थीं. इस बार उल्टा हो गया है. दो महीने पहले हुए नगर निकाय चुनाव में बीजेपी ने जयपुर नगर निगम समेत बड़ी जीत हासिल की थी, लेकिन पंचायत चुनाव के नतीजे फिर बदल गए हैं.





