खबर

रातभर मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे सीएम योगी, आज हरिद्वार में होगा अंतिम संस्कार | up cm yogi adityanath mother savitri devi last rites Latest Update haridwar chandighat


हरिद्वार:

सीएम योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का कल निधन हो गया था, शुक्रवार सुबह 10 बजकर 45 मिनट पर उन्होंने अंतिम सांस ली थी, वह 91 साल की थी और कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थी. आज उनका हरिद्वार के चंडीघाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा. सीएम योगी कल ही उत्तराखंड में अपने पैतृक घर पहुंच गए थे. रातभर पर मुख्यमंत्री अपनी मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे, उनके सभी परिजन भी पहुंच गए हैं. उनकी अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे, ऐसे में हरिद्वार में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है. पीएम मोदी ने भी सीएम योगी की मां के निधन पर दुख जताते हुए उनसे बात की थी. सुबह 10 से 11 बजे के बीच में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा, जिसमें यूपी और उत्तराखंड सरकार के कई मंत्री शामिल होंगे, इसके बाद सीएम योगी शाम को लखनऊ रवाना होंगे.

हरिद्वार के चंडीघाट पर होगा अंतिम संस्कार

हरिद्वार के चंडीघाट पर सीएम योगी की मां का अंतिम संस्कार होगा, जिसमें परिवार के सभी सदस्य शामिल होंगे. ऐसे में घाट पर सुबह से ही तैयारियां शुरू हो चुकी हैं. सीएम योगी सड़क मार्ग के जरिये हरिद्वार जाएंगे. सुबह 7 बजे ही पंचूर गांव से अंतिम यात्रा शुरू हुई है. पार्थिव शरीर को सड़क मार्ग से लक्ष्मणझूला बैराज मोटर मार्ग होते हुए हरिद्वार ले जाया जा रहा है, हरिद्वार के नीलधारा गंगा तट पर स्थित चंडीघाट श्मशान घाट पर करीब 11:30 बजे अंतिम संस्कार होगा. चंडीघाट को ही क्यों चुना गया, इसके पीछे खास वजह है, हरिद्वार पंचूर गांव का पैतृक घाट है, गांव की परंपरा के मुताबिक लोग अपने परिजनों का दाह संस्कार हरिद्वार में ही करते हैं. इसी परंपरा के तहत सावित्री देवी को भी हरिद्वार लाया जा रहा है. 

Latest and Breaking News on NDTV

रातभर मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे सीएम योगी 

सीएम योगी गोरखपुर में थे, जब उन्हें अपनी मां के निधन की खबर मिली. वह गोरखपुर में चंपा देवी पार्क में युवाओं को टैबलेट वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे, सबसे पहले यह खबर बीजेपी सांसद रवि किशन को मिली, उन्होंने सलाहकार अवनीश अवस्थी को बताया. सीएम योगी ने अपना करीब 61 मिनट का भाषण पूरा किया फिर मंच के पीछे जाकर अवस्थी से खबर सुनी. इसके बाद सीएम ने अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए, गोंडा जाने का कार्यक्रम भी निरस्त कर दिया. वह लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे और शुक्रवार शाम करीब 5 बजकर 15 मिनट पर अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे. पंचूर पहुंचते ही सीएम योगी बेहद भावुक हो गए, मां के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और काफी देर तक शांत खड़े होकर उन्हें एकटक निहारते रहे. बताया जा रहा है कि वह बिना कुछ खाए-पिए पूरी रात मां की पार्थिव देह के पास ही बैठे रहे. उन्होंने सोशल मीडिया पर मां की तस्वीर के साथ सिर्फ दो शब्द लिखे  ‘मां… ॐ शांति’.

ये वीडियो भी देखिए

अंतिम संस्कार में कई बड़े नेता होंगे शामिल

अंतिम संस्कार में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, यूपी के दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह समेत कई मंत्री और नेता शामिल हो सकते हैं. हरिद्वार जिला प्रशासन ने चंडीघाट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. कई हेलीपैड सिक्योर किए गए हैं और प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है. 

ये भी पढे़ंः सीएम योगी आदित्यनाथ ने किए मां के अंतिम दर्शन, पीएम मोदी ने फोन पर बात कर बंधाया ढांढस




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button