खबर

ट्रेन से टकराकर आग का गोला बनी मिनीबस; ड्राइवर की मौत, सभी 264 यात्री सुरक्षित, इंडोनेशिया की घटना | indonesia siantar express train collides with minibus Catches Fire All 264 Passengers Safe Driver killed



सुमात्रा:

इंडोनेशिया के उत्तरी सुमात्रा प्रांत में शुक्रवार को उस वक्त एक बड़ा रेल हादसा हो गया, जब मेडान-पेमातांग सियांतार रूट पर चलने वाली सियांतार एक्सप्रेस ट्रेन की टक्कर एक मिनीबस से हो गई. यह दुर्घटना बिना सुरक्षा गेट वाले रेलवे क्रॉसिंग पर हुई. टक्कर के बाद ट्रेन के इंजन से चिंगारियां निकलीं और आग लग गई. हालांकि राहत की बात यह रही कि ट्रेन में सवार सभी 264 यात्री सुरक्षित रहे. हादसे में मिनीबस चालक की मौत हो गई, जबकि ट्रेन के दो ड्राइवर और एक कर्मचारी घायल हो गए.

बिना फाटक वाले क्रॉसिंग पर हुआ हादसा, कई मीटर तक घिसटती गई मिनीबस

कॉमपास न्यूज के मुताबिक पीटी केरटा आपी इंडोनेशिया (KAI) के उत्तरी सुमात्रा रीजनल डिवीजन-1 के पब्लिक रिलेशन मैनेजर अनवर युली प्रास्त्यो ने बताया कि सियांतार एक्सप्रेस मेडान जा रही थी. यात्रा के दौरान सियांतार स्टेशन और डोलोक मेरंगिर स्टेशन के बीच किलोमीटर 38+7/6 पर एक मिनीबस अचानक बिना सुरक्षा वाले रेलवे क्रॉसिंग से गुजरने लगी. इसी दौरान ट्रेन उससे टकरा गई.

टक्कर इतनी जोरदार थी कि मिनीबस कई मीटर तक घिसटती चली गई. हादसे के दौरान ट्रेन के इंजन से निकली चिंगारियों ने मिनीबस और लोकोमोटिव दोनों में आग लगा दी. घटना के बाद ट्रेन को बीच रास्ते में रोकना पड़ा और तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया.

दुर्घटना में ट्रेन के दो चालक और एक अन्य कर्मचारी घायल हो गए. सभी घायलों को मौके से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. अधिकारियों ने बताया कि उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है.

सभी 264 यात्री सुरक्षित, इंजन तक सीमित रही आग

रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रेन में सवार सभी 264 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. अनवर प्रास्त्यो ने कहा ‘सियांतार स्टेशन से यात्रा शुरू करने वाले सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी यात्री को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है.’ यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया. हादसे के बाद लगी आग ने ट्रेन के इंजन को अपनी चपेट में ले लिया, लेकिन दमकल कर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया. अधिकारियों के अनुसार आग यात्री डिब्बों तक नहीं पहुंची, जिससे बड़ा नुकसान टल गया. शुक्रवार देर रात तक दमकल की टीमें कूलिंग ऑपरेशन में जुटी रहीं.

बहाली कार्य जारी, मार्ग अब भी बंद

KAI ने बताया कि फिलहाल प्राथमिकता क्षतिग्रस्त उपकरणों को हटाने और रेलवे ट्रैक को जल्द से जल्द चालू करने की है. रेलवे अधिकारी स्थानीय प्रशासन और अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर स्थिति सामान्य करने में लगे हुए हैं. अनवर प्रास्त्यो ने यात्रियों से हुई असुविधा के लिए खेद जताते हुए कहा कि ट्रैक को जल्द बहाल करने की कोशिश की जा रही है ताकि रेल सेवा सामान्य हो सके. रेलवे अधिकारियों के मुताबिक शुक्रवार रात तक यह रेल मार्ग परिचालन के लिए तैयार नहीं हो पाया था. हादसे के कारण ट्रैक पर आवागमन रुका रहा और बहाली कार्य जारी था. प्रारंभिक जांच में घटनास्थल पर मौजूद बिना सुरक्षा फाटक वाले रेलवे क्रॉसिंग को दुर्घटना की एक प्रमुख वजह माना जा रहा है. मामले की विस्तृत जांच की जा रही है.

यह भी पढ़ें : मिस्र में 2 ट्रेनों की टक्कर से भीषण हादसा! 7 की मौत, 100 लोग घायल




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button