

कोलंबिया:
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर अमेरिका की धरती से भारत की चुनावी प्रक्रिया और कथित ‘वोट चोरी’ का मुद्दा उठाया है. राहुल गांधी 2 दिन के अमेरिका दौरे पर हैं. पहले दिन राहुल गांधी ने न्यूयॉर्क स्थित कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों और फैकल्टी के साथ बातचीत के दौरान भारतीय चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) और चुनावी नतीजों पर गंभीर सवाल खड़े किए. राहुल गांधी के कार्यकम का लाइव टेलीकास्ट तो नहीं किया गया, लेकिन वहां मौजूद एक इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के कार्यकर्ता ने NDTV से वीडियो साझा किया है. इस दौरान राहुल गांधी ने दावा किया कि 2024 में वोट डालने वाले करीब 14 करोड़ लोगों को वोटर लिस्ट से बाहर कर दिया गया. राहुल ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में हुई कथित गड़बड़ियों को लेकर कांग्रेस के पास कई सवाल और सबूत हैं, जिन्हें सामने लाने के लिए पार्टी काम कर रही है.
राहुल गांधी बीती रात ही अमेरिका पहुंचे, जहां कोलंबिया यूनिवर्सिटी में उनका कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां उन्होंने छात्रों और फैकल्टी के सवालों का जवाब देते हुए भारतीय लोकतंत्र और चुनावी प्रक्रिया पर अपनी बात रखी.
बीजेपी का पलटवार- “राहुल गांधी भारत-विरोधी दुष्प्रचार के नेता”
बीजेपी नेता प्रदीप भंडारी ने राहुल गांधी के कोलंबिया यूनिवर्सिटी में दिये बयान पर उन्हें आड़े हाथों लिया है. प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा- “राहुल गांधी भारत-विरोधी दुष्प्रचार के नेता बन गए हैं! उन्होंने कोलंबिया यूनिवर्सिटी में भारत का अपमान किया है. राहुल गांधी ने भारत को ‘आर्थिक आपदा’ बताया और भारतीय लोकतंत्र के खिलाफ बात की है. यह तब हो रहा है, जब पूरी दुनिया मानती है कि भारत सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है और दुनिया भारतीय लोकतंत्र का सम्मान करती है. यह न भूलें कि कुछ दिन पहले ही हैदराबाद में आयोजित ‘भारत शिखर सम्मेलन’ में उन्होंने विदेशियों से भारतीय लोकतंत्र की आलोचना करवाई थी.”
प्रदीप भंडारी ने आगे लिखा, “भारत की प्रगति और भारतीय लोकतंत्र के प्रति राहुल गांधी की नफरत ही है, जिसके कारण वे जब भी विदेश जाते हैं, भारत के बारे में बुरा-भला कहते हैं. इसकी तुलना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से करें, जो अपनी हर आधिकारिक यात्रा के दौरान भारत के राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरि रखते हैं और भारत के राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा का सम्मान करते हैं. भारतीय लोकतंत्र के खिलाफ बोलकर राहुल गांधी ने भारत के राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा का अपमान किया है. एक जिम्मेदार ‘नेता प्रतिपक्ष’ के रूप में राहुल गांधी पूरी तरह विफल हैं.”
‘अचानक 5 लाख वोटों का मार्जिन कैसे बढ़ गया?’
राहुल गांधी ने चुनावी नतीजों पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक चुनाव में प्रचार के दौरान जिस तरह पैसा खर्च किया गया, वह सामान्य नहीं था. उन्होंने कहा, “यह बिल्कुल अलग चुनाव था. प्रचार में पैसा पानी की तरह बहाया गया. करीब 20, 30, 40 या 50 गुना ज्यादा पैसा खर्च किया गया. जीत का अंतर भी काफी बढ़ गया. हम हैरान थे. हमें शक था, लेकिन उस समय हमारे पास सबूत नहीं थे. इसके बाद हमने पड़ताल शुरू की.”
उन्होंने चुनावी नतीजों और वोटों के अंतर का जिक्र करते हुए कहा कि अचानक पांच लाख वोटों का मार्जिन मिल जाना कई सवाल खड़े करता है. कांग्रेस के पास चुनावी आंकड़ों को लेकर कई सवाल हैं और पार्टी इनकी जांच कर रही है.
‘2024 में वोट डालने वाले 14 करोड़ लोगों के नाम हटाए गए’
SIR प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए राहुल गांधी ने कहा कि यह सामान्य मतदाता सूची संशोधन अभियान जैसा नहीं है. उन्होंने दावा किया कि 2024 में मतदान करने वाले 14 करोड़ लोगों को वोटर लिस्ट से बाहर कर दिया गया. राहुल गांधी ने कहा, “अगर 2024 में वोट डालने वाले 14 करोड़ लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए हैं, तो चुनाव की वैधता पर सवाल उठना कोई गलत नहीं है. हमने चुनाव आयोग से सवाल पूछे हैं, लेकिन आयोग इस पर खामोश है. इस शामोशी को क्या समझा जाए?”
राहुल गांधी ने SIR अभियान में खर्च होने वाली रकम पर भी सवाल उठाए. राहुल के मुताबिक, इस प्रक्रिया में जितना पैसा खर्च किया गया, वह अनुमान से 20 से 50 गुना तक अधिक हो सकता है. उन्होंने पूछा कि आखिर इतना पैसा कहां से आया और इस खर्च का हिसाब कौन देगा?
ट्रंप की हार के लिए तेल की कीमतों को बताया जिम्मेदार
कोलंबिया यूनिवर्सिटी में बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने अमेरिकी राजनीति और वैश्विक स्तर पर अमेरिका की बदलती भूमिका पर भी अपना पक्ष साझा किया. अमेरिकी मिडटर्म चुनावों को लेकर उन्होंने कहा कि तेल की बढ़ती कीमतें ट्रंप की हार की एक बड़ी वजह बनीं. उनके मुताबिक, अमेरिका तेल की कीमतों को नियंत्रित नहीं कर पाया, जिसका असर चुनावी नतीजों पर पड़ा.
राहुल गांधी ने कहा कि दुनिया में अमेरिका की ताकत पहले जैसी नहीं रह गई है. वैश्विक स्तर पर अमेरिका की भूमिका और प्रभाव लगातार बदल रहा है और अब वह पहले की तरह दुनिया को दिशा देने की स्थिति में नहीं है.
ये भी पढ़ें:- राहुल गांधी की शिव-पार्वती वाली दलील पर भाजपा ने पूछ लिया अलाउद्दीन खिलजी-मलिक काफूर वाला सवाल
2008 तक भारत-अमेरिका साझेदारी से दोनों देशों को हुआ फायदा
भारत और अमेरिका के रिश्तों पर बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि 1990 के दशक से लेकर 2008 तक दोनों देशों के बीच मजबूत साझेदारी रही. इस साझेदारी से भारत और अमेरिका दोनों को फायदा पहुंचा. उन्होंने बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे शहरों के डेवलेपमेंट का उदाहरण देते हुए कहा कि इस दौर में भारत में आर्थिक अवसर बढ़े और बड़ी संख्या में लोग गरीबी से बाहर निकल सके. हालांकि, राहुल गांधी का मानना है कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में अमेरिका अब पहले जैसी भूमिका निभाने की स्थिति में नहीं है. उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर अमेरिका की ताकत में कमी आई है और अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था में बदलाव देखने को मिल रहा है.
ये भी पढ़ें:-राहुल गांधी की स्पीच पर CM हिमंता का वार, देश तो जानता ही था, मैडम अब आपको भी पता लग गया होगा





