खबर

‘राधे राधे, कमल खिला दे’, मथुरा से भाजपा का चुनावी नारा, कैसे अयोध्या जाने वाले अखिलेश को घेरने की तैयारी | radhe radhe kamal khila de bjp campaign for up election how impact akhilesh yadav



नई दिल्ली:

भाजपा ने कभी अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए अभियान चलाया था. तब के शीर्ष नेताओं में से एक रहे लालकृष्ण आडवाणी ने रथ यात्रा निकाली थी. उसका ही असर था कि कभी दो लोकसभा सीटें जीतने वाली भाजपा लगातार बढ़ती ही चली गई. अब भाजपा सियासत में राधा और कृष्ण नाम का जाप करना चाहती है. इसी एजेंडे के तहत पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए नया नारा गढ़ा है- राधे राधे कमल खिला दे. इसके अलावा सांस्कृतिक पहचान, कानून व्यवस्था, विकास और इन्फ्रा जैसी चीजों को भी प्रचारित किया जाएगा. लेकिन हिंदु्त्व का एजेंडा इस बार मथुरा से निकला है और राधा नाम से चुनावी जीत वाली सिद्धि पाने की इच्छा है. 

माना जा रहा है कि इसके जरिए भाजपा उन अखिलेश यादव की घेरे बंदी करेगी, जो 12 दिसंबर को अयोध्या के राम मंदिर जाने का ऐलान कर चुके हैं. यदुवंश के नाम पर अकसर अखिलेश यादव भाजपा के हिंदुत्व की काट की कोशिश करते रहे हैं. ऐसे में अब भाजपा ने उसी पिच पर उतरते हुए ‘राधे राधे’ पर नारा ही गढ़ दिया है. इससे वह अखिलेश यादव को कृष्ण जन्मभूमि के लिए आंदोलन चलाने की चुनौती भी देती दिख सकती है. पहले भी वह ऐसा चैलेंज देती रही है. सूत्रों के अनुसार भाजपा नए नारे के साथ निचले स्तर तक कार्यकर्ताओं को एक्टिव करेगी. 

मंगलवार को हुई चिंतन बैठक में नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि कार्यकर्ता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत हैं. उन्हें जोड़ा जाए और बूथ लेवल तक एक्टिव किया जाए. नेताओं ने कहा कि कार्यकर्ताओं की भागीदारी को बढ़ाया जाए और उनकी चिंताओं को भी दूर किया जाए. कार्यकर्ताओं की उदासीनता का मुद्दा भी मीटिंग में प्रमुखता से उठा. कुछ नेताओं ने यह भी कहा कि संगठन में ही ऐसा अंसतोष चिंता की बात है. चुनाव से पहले इन सभी चीजों को हल किया जाना जरूरी है. बैठक में संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने कहा कि पार्टी का यूपी में एजेंडा पूरी नहीं हुआ है. 

उन्होंने कहा कि राम मंदिर भले ही बन गया है, लेकिन दूसरे कई मसलों पर अब भी काम होना जरूरी है. इसके अलावा सीएम योगी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे लाभार्थियों तक जाएं और बताएं कि उन्हें किन योजनाओं का फायदा मिला है और सरकार की क्या-क्या योजनाएं हैं. इसके अलावा सपा शासन के दौर की यादें भी दिलाने को कहा है. 

मीटिंग के बाद दिल्ली पहुंचे योगी आदित्यनाथ, अमित शाह से मुलाकात

कार्यकर्ताओं से कहा गया है कि वे ‘जंगल राज बनाम सुशासन’ वाला कैंपेन करें. इस तरह भाजपा ने 2027 के चुनाव के लिए मथुरा से एक मंत्र पा लिया है. देखते हैं कि यह मंत्र जनता को कितना मुग्ध कर पाता है. इस बीच योगी आदित्यनाथ मीटिंग के बाद दिल्ली पहुंच गए हैं. दिल्ली के उत्तर प्रदेश सदन त्रिवेणी में योगी आदित्यनाथ पहुंचे हैं. थोड़ी देर में भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन और गृह मंत्री अमित शाह से देर शाम उनकी मुलाकात रहेगी.




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button