

पंजाब की सियासत में कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में वापसी की चर्चाओं पर पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने बड़ा बयान दिया है. चन्नी ने साफ तौर पर कहा कि उन्हें नहीं लगता कि कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में ‘घर वापसी’ हो पाएगी.
कैप्टन अमरिंदर सिंह के कांग्रेस में लौटने की संभावना को लेकर पूछे गए सवाल पर चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा, “मुझे नहीं लगता कि कैप्टन अमरिंदर सिंह कांग्रेस में वापस आएंगे, क्योंकि उनके खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) के कई मामले चल रहे हैं. हालांकि उन्होंने पार्टी के प्रति अपना प्यार दिखाया है और सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging’ के लॉन्च कार्यक्रम में भी शामिल हुए थे. इसके लिए मैं उनका शुक्रिया अदा करता हूं.”
चन्नी का यह बयान ऐसे समय आया है जब पंजाब कांग्रेस के भीतर संगठन और नेतृत्व को लेकर नई चर्चाएं चल रही हैं और 2027 विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच पुराने नेताओं की भूमिका पर भी नजर रखी जा रही है.
कांग्रेस से अलग होकर बनाई थी नई पार्टी
कैप्टन अमरिंदर सिंह लंबे समय तक कांग्रेस का बड़ा चेहरा रहे. पंजाब में कांग्रेस की सरकार का नेतृत्व करने वाले अमरिंदर सिंह ने सितंबर 2021 में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था. इसके बाद कांग्रेस नेतृत्व के साथ मतभेद बढ़ने पर उन्होंने पार्टी छोड़ दी.
कांग्रेस से अलग होने के बाद कैप्टन ने अपनी नई राजनीतिक पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस बनाई थी. हालांकि यह प्रयोग ज्यादा सफल नहीं रहा. बाद में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया और अपनी पार्टी का बीजेपी में विलय कर दिया.
फिर क्यों शुरू हुईं वापसी की चर्चाएं?
हाल के दिनों में कैप्टन अमरिंदर सिंह की कुछ सार्वजनिक मौजूदगियों और कांग्रेस से जुड़े कार्यक्रमों में उनकी भागीदारी को लेकर राजनीतिक गलियारों में अटकलें लगाई जाने लगी थीं. खास तौर पर सोनिया गांधी की पुस्तक ‘Belonging’ के लोकार्पण कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी के बाद यह चर्चा तेज हुई कि क्या कैप्टन और कांग्रेस के बीच रिश्तों की बर्फ पिघल रही है.
पंजाब की राजनीति में अब भी असर रखते हैं कैप्टन
भले ही कैप्टन अमरिंदर सिंह अब बीजेपी में हैं, लेकिन पंजाब की राजनीति में उनका कद और प्रभाव अब भी चर्चा का विषय रहता है. राज्य की राजनीति में दशकों तक सक्रिय रहे कैप्टन को कांग्रेस के सबसे बड़े सिख चेहरों में गिना जाता रहा है.
यह भी पढ़ें: ‘एक परिवार, एक टिकट’ पर पंजाब कांग्रेस में नई बहस, प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह बोले- जीतने वाले की काबिलियत देखो





