

पेट्रोल में एथनॉल मिश्रण को लेकर देश में छिड़ी बहस के बीच केंद्रीय पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस एवं पर्यटन राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने विरोध करने वालों पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि एथनॉल मिश्रण के खिलाफ दावे करने वाले लोग विज्ञान को ठीक से नहीं समझते हैं. एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुरेश गोपी ने कहा कि पेट्रोल से चलने वाले वाहनों के कारण होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए पेट्रोल में एथनॉल मिलाना सबसे प्रभावी उपायों में से एक है. उनके मुताबिक पर्यावरण पर वाहनों के असर को घटाने के लिए एथनॉल मिश्रण की नीति महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है.
आलोचकों को लेकर क्या बोले मंत्री?
एथनॉल की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक होने के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस मुद्दे पर राजनीतिक स्तर पर कई तरह के “दुर्भावनापूर्ण” आरोप लगाए जा रहे हैं. उन्होंने कहा, “मैं ऐसे लोगों के लिए किसी अपशब्द का इस्तेमाल नहीं करूंगा. मैं केवल इतना कहूंगा कि इनमें से किसी भी मूर्ख को विज्ञान की कोई समझ नहीं है.”
20 प्रतिशत सीमा को लेकर मचा है विवाद
हाल के दिनों में पेट्रोल में एथनॉल की मात्रा को लेकर विवाद बढ़ा है. आरोप लगाए जा रहे हैं कि तेल विपणन कंपनियों द्वारा आपूर्ति किए जा रहे पेट्रोल में एथनॉल की मात्रा तय 20 प्रतिशत की सीमा से अधिक हो सकती है. इसी मुद्दे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है.
कर्नाटक और केरल में चल रही जांच
यह बयान ऐसे समय आया है जब कांग्रेस शासित कर्नाटक और केरल में पेट्रोल में एथनॉल की मात्रा की जांच कराई जा रही है. कर्नाटक सरकार पहले ही दावा कर चुकी है कि पेट्रोल में एथनॉल की मात्रा निर्धारित 20 प्रतिशत सीमा से अधिक पाई गई है. वहीं केरल में कराई गई जांच की रिपोर्ट का अभी इंतजार है. एथनॉल को लेकर जारी इस बहस के बीच केंद्रीय मंत्री के बयान ने विवाद को और गर्मा दिया है.
यह भी पढ़ें | E20 पेट्रोल विवाद पर कर्नाटक मंत्री बोले- ‘कट-कॉपी-पेस्ट’ बोलने वाली कंपनियों को दिवाली बाद जवाब देंगे
यह भी पढ़ें | E20 फ्यूल क्या सच में गाड़ियों को पहुंचा रहा नुकसान? जानें रिसर्च में कौन-कौन सी बड़ी बात आई सामने





