

लखनऊ:
उत्तर प्रदेश में SSR के बाद नई ड्रॉफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी गई है. इसमें 18.84 लाख नए मतदाता बढ़े हैं. 10 अप्रैल की ड्राफ्ट लिस्ट के बाद अब 17 नवंबर को नई मतदाता सूची जारी की गई है. यूपी के मुख्य निर्वाचन आयुक्त नवदीप रिणवा ने ये जानकारी दी. रिणवा ने कहा है कि यूपी की वोटर लिस्ट में 18.84 लाख मतदाता बढ़े है, लेकिन जनगणना के अनुमान से 2.58 करोड़ का अंतर है. इसमें सबसे बड़ा सवाल है कि 1.64 करोड़ मतदाता कहां हैं. 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची के आंकड़ों ने एक बड़ी राजनीतिक बहस को जन्म दे दिया है.
महिला वोटरों की संख्या में इजाफा
आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल 2026 में उत्तर प्रदेश में 13.39 करोड़ मतदाता थे, जो सात महीने बाद बढ़कर 13.58 करोड़ हो गए. यानी इस अवधि में 18.84 लाख मतदाताओं की बढ़ोतरी दर्ज हुई. इनमें 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 11.83 लाख नए मतदाता शामिल हैं. लेकिन इस बढ़ोतरी के बीच एक दूसरा आंकड़ा कहीं ज्यादा गंभीर सवाल खड़ा कर रहा है. पुरुषों के मुकाबले महिला मतदाताओं की संख्या में लगभग 3 लाख की अधिक बढ़ोतरी हुई है. लिंग अनुपात इससे 834 से बढ़कर 840 हो गया है. हालांकि 18-19 आयु वर्ग के नए मतदाताओं में कमी दर्ज की गई है.
आबादी और वोटर लिस्ट के आंकड़ों में अंतर
जनगणना आधारित अनुमान से तुलना में मतदाताओं की संख्या में करीब 2.58 करोड़ का अंतर बताया जा रहा है. इसमें महिलाओं का अंतर करीब 1.64 करोड़ और पुरुषों का लगभग 94 लाख है.सबसे चौंकाने वाला आंकड़ा महिलाओं का है। मतदाता सूची में लिंगानुपात घटकर प्रति एक हजार पुरुषों पर 840 महिलाएं रह गया है. फाइनल वोटर लिस्ट 4 जनवरी को जारी की जाएगी.
अभी भी वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का मौका
रिणवा ने कहा, 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां मांगी जाएंगी. फॉर्म 6-7 और 8 के जरिये नाम जुड़वाने, हटवाने और ब्योरे में संशोधन का अवसर मिलेगा. 21-22 और 28 -29 नवंबर को सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान का आयोजन होगा. पात्र नागरिकों विशेषकर युवा एवं महिलाओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे. मतदाता सूची में वोटरों के नाम सही करने पर खासा जोर दिया जाएगा.
- कुल अनुमानित वयस्क आबादी (2026): 16,16,85,000 (16.16 करोड़)
- पंजीकृत मतदाता: 13,58,68,905 (13.58 करोड़)
- अंतर: लगभग 2.58 करोड़ लोग अभी भी मतदाता सूची से बाहर
- जेंडर रेशियो यानी लिंग अनुपात आबादी के हिसाब से 922 होना चाहिए, अभी 840 ही हैं.
यूपी में अगले साल मार्च-अप्रैल में विधानसभा चुनाव होने हैं.





