
सिलीगुड़ी में तीन दिवसीय भव्य ‘एमपी देउसी-भैलो महोत्सव 2026’ के दौरान आयोजित पारंपरिक देउसी-भैलो प्रतियोगिता में असम के ‘आमाकला ग्रुप’ ने अपनी शानदार प्रस्तुति से पहला स्थान हासिल किया. मेजबान सिलीगुड़ी का ‘मिलान मोरे देउसी भैलो ग्रुप’ दूसरे स्थान पर जबकि कालिम्पोंग के ‘जल्पा ग्रुप’ तीसरे स्थान पर रहा. दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट द्वारा मिलान मोरे फुटबॉल मैदान में आयोजित ये कार्यक्रम 13 से 15 नवंबर तक चला.
सीएम प्रेम सिंह तमांग ने किया उद्घाटन
महोत्सव का उद्घाटन सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने किया, इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य गोरखा समुदाय की पारंपरिक विरासत को सहेजना और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ना था. दार्जिलिंग हिल्स, तराई और दुआर्स के अलावा पूर्वोत्तर के विभिन्न हिस्सों से कुल 16 सांस्कृतिक समूहों ने इस मंच पर अपनी मनमोहक प्रस्तुतियां दीं.

आयोजन की खास बात यह रही कि इसमें सभी राजनीतिक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया था, ताकि संस्कृति के इस मंच पर एकता का संदेश दिया जा सके. तीन दिनों तक चले इस उत्सव में लोक कला के साथ-साथ आधुनिक संगीत का भी जादू चला.
महोत्सव में पहले दिन ‘द एलिमेंट्स’, दूसरे दिन सिक्किम की प्रसिद्ध गायिका तृष्णा गुरुंग और अंतिम दिन पूर्ण राय एवं दाजुभाइ के साथ-साथ राजू लामा और मंगोलियन हार्ट जैसे नामी कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया.
हर साल होगा आयोजन
इसके अलावा, लद्दाख के बैंड ‘दा-शुग्स’ की प्रस्तुति, कविता पाठ, रैंप वॉक और एक महीने से चल रही ऑनलाइन स्वदेशी लोकगीत प्रतियोगिता के विजेताओं की घोषणा भी आकर्षण का केंद्र रही. महोत्सव के सफल समापन पर सांसद राजू बिष्ट ने घोषणा की कि अब से ‘एमपी देउसी-भैलो महोत्सव’ का आयोजन हर साल किया जाएगा.





