

सैन फ्रांसिस्को:
अमेरिका की दिग्गज एआई (AI) चिप निर्माता कंपनी Nvidia के सीईओ (CEO) जेनसन हुआंग इन दिनों गंभीर विवादों में जूझ रहे हैं. वॉल स्ट्रीट जर्नल (WSJ) की रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी का निदेशक मंडल उन्हें पद से हटाने तैयारी कर रहा है. WCJ की रिपोर्ट में कहा गया है कि जेनसन के दो एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर से जुड़े खुलासों और कथित चीनी खुफिया महिला से जुड़े खुलासों को लेकर यह स्थिति बनी है. इस बीच टेक उद्योग में चर्चा इस बात को लेकर भी तेज हो गई है कि यदि हुआंग पद छोड़ते हैं तो Nvidia की कमान कौन संभालेगा?
बोर्ड की आपात बैठक में हो सकता है फैसला
WSJ की रिपोर्ट के मुताबिक बोर्ड जल्द ही बैठक कर जेनसन हुआंग के भविष्य पर फैसला ले सकता है. यह विवाद उस समय और बढ़ गया जब जेनसन हुआंग पहले से ही एलिस हुआंग (Alice Huang) नामक एक चीनी कारोबारी महिला के साथ रिलेशनशिप को लेकर चर्चा में थे. एलिस हुआंग सिंगापुर स्थित डेटा कंपनी मेगास्पीड से जुड़ी बताई जाती हैं, जो एनवीडिया की एक प्रमुख ग्राहक कंपनी है. अमेरिकी खुफिया अधिकारियों ने एलिस हुआंग को कथित तौर पर चीन की खुफिया गतिविधियों से जुड़ा व्यक्ति बताया था. वहीं जेनसन को बाहर करने को लेकर कंपनी की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली है.
उत्तराधिकारी नहीं होना सबसे बड़ी चुनौती
अगर जेनसन हुआंग को हटाया जाता है, तो कंपनी के सामने सबसे बड़ी चुनौती उत्तराधिकारी की होगी. इस बारे में डी.ए. डेविडसन एंड कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर गिल लूरिया ने कहा कि कंपनी के पास फिलहाल स्पष्ट उत्तराधिकार योजना नहीं दिखाई देती. उनके अनुसार यदि कोई कानूनी या नीतिगत उल्लंघन साबित होता है तो बोर्ड कार्रवाई कर सकता है. वहीं ग्रेनाइट वेल्थ मैनेजमेंट के ब्रूस जारो का कहना है कि जेनसन हुआंग ही वह व्यक्ति रहे हैं जिन्होंने एनवीडिया को इस ऊंचाई तक पहुंचाया. ऐसे में सवाल यह है कि यदि वह पद छोड़ते हैं तो क्या कोई अन्य अधिकारी उसी प्रभाव और विश्वसनीयता के साथ कंपनी का नेतृत्व कर पाएगा.
दो अफेयर्स को लेकर जांच
रिपोर्टों के अनुसार जेनसन हुआंग शादी के बाद दो अलग-अलग अफेयर्स को लेकर जांच के घेरे में हैं. न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि उनका एक संबंध Nvidia की हेल्थकेयर वाइस प्रेसिडेंट किम्बरली पॉवेल के साथ भी था. बताया गया है कि मार्च में कैलिफोर्निया के सैन जोस में आयोजित Nvidia की कॉन्फ्रेंस के दौरान दोनों को एक होटल में साथ देखा गया था. किम्बरली पॉवेल 2008 से Nvidia के साथ जुड़ी हैं और कंपनी की चिप तकनीक को उच्च शिक्षा तथा हेल्थकेयर क्षेत्रों, विशेष रूप से मेडिकल इमेजिंग उपकरणों में इस्तेमाल करने से जुड़े कार्यक्रमों की जिम्मेदारी संभालती हैं.
कंपनी की आंतरिक नीतियों पर उठे सवाल
इस कथित संबंध के सामने आने के बाद Nvidia की कार्यस्थल नीतियों को लेकर भी बहस शुरू हो गई है. कंपनी के कोड ऑफ कंडक्ट्स में कर्मचारियों को उन परिस्थितियों से बचने की सलाह दी गई है जिनसे हितों का टकराव पैदा हो सकता है.
बोर्ड ने शुरू की जांच
रिपोर्टों के अनुसार जेनसन हुआंग के स्वीकारोक्ति पत्र के बाद Nvidia के बोर्ड ने मामले की जांच शुरू कर दी. बताया गया है कि जांच की जिम्मेदारी प्रतिष्ठित कानूनी फर्म Wachtell, Lipton, Rosen & Katz को सौंपी गई है. बोर्ड अब यह भी विचार कर रहा है कि इन घटनाक्रमों का कंपनी की प्रतिष्ठा, कॉरपोरेट गवर्नेंस और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर क्या असर पड़ सकता है.
AI क्रांति का चेहरा रहे हैं जेनसन हुआंग
1993 में Nvidia की सह-स्थापना करने वाले जेनसन हुआंग को दुनिया के सबसे प्रभावशाली टेक नेतृत्वकर्ताओं में गिना जाता है. उनके नेतृत्व में कंपनी गेमिंग चिप निर्माता से आगे बढ़कर AI चिप मार्केट की सबसे बड़ी कंपनी बन गई.
यह भी पढ़ें : 30 साल में बनाई Nvidia, अब कौन संभालेगा कंपनी की कमान; CEO जेनसन हुआंग पर जांच के बीच नेतृत्व पर उठे सवाल





