

लच्छा रबड़ी बनाने की विधि
NDTV
जब भी किसी त्योहार, शादी या खास मेहमाननवाज़ी की बात आती है, तो मुंह में सबसे पहले जिस मिठाई का नाम आता है, वह है पारंपरिक लच्छा रबड़ी. मलाई की परतों से भरी और हल्की सी मिठास लिए यह रबड़ी हर दिल अजीज होती है. बाजार में मिलने वाली रबड़ी अक्सर बहुत ज्यादा मीठी या गाढ़ी होती है, लेकिन घर पर जब आप इसे धीमी आंच पर दूध को पकाकर तैयार करते हैं, तो इसका सौंधापन और प्राकृतिक स्वाद पूरी तरह निखर कर आता है.
इसे बनाते वक्त दूध की परतें कढ़ाई के किनारों पर जमती जाती हैं, जिन्हें बाद में मलाईदार दूध में मिलाया जाता है. यही प्रक्रिया इसे आम रबड़ी से बिल्कुल अलग और खास बनाती है. अगर आपको पारंपरिक मिठाइयों से प्यार है, और आप चाहते हैं कि परिवार वाले आपकी कुकिंग की तारीफ करते न थकें, तो यह रेसिपी आपके लिए ही है.
देखें वीडियो…
सामग्री:
- फुल क्रीम दूध (1 लीटर)
- चीनी (3 से 4 बड़े चम्मच)
- हरी इलायची का पाउडर (आधा छोटा चम्मच)
- केसर के धागे (15 से 20)
- ड्राई फ्रूट्स (2 बड़े चम्मच)
बनाने की विधि:
- सबसे पहले एक भारी तले की बड़ी कढ़ाई या पैन लें.
- इसमें फुल क्रीम दूध डालकर तेज आंच पर उबाल आने दें.
- जब दूध में उबाल आ जाए, तो गैस की आंच को धीमा कर दें.
- अब दूध पर जो मलाई की परत जमती जाएगी, उसे कछी की मदद से धीरे-धीरे कढ़ाई के अंदरूनी किनारों पर चिपकाते जाएं.
- बीच-बीच में दूध को नीचे से चलाते रहें ताकि वह तले में न लगे.
- किनारों पर जमी मलाई वहीं लगी रहने दें और बीच के दूध को गाढ़ा होने दें.
- जब दूध घटकर अपनी शुरुआती मात्रा का लगभग आधा या तिहाई रह जाए, तब इसमें भीगा हुआ केसर और इलायची पाउडर मिला दें.
- अब इसमें चीनी डालें और धीमी आंच पर 2 से 3 मिनट तक पकाएं ताकि चीनी पूरी तरह घुल जाए. कढ़ाई के किनारों पर जो मलाई की परतें जमी थीं, उन्हें खुरचकर वापस गाढ़े दूध में मिला दें.
- गैस बंद कर दें। रबड़ी को कमरे के तापमान पर ठंडा होने दें, और फिर फ्रिज में रखकर चिल्ड कर लें.
- ऊपर से कटे हुए पिस्ता और बादाम सजाकर ठंडी-ठंडी खुरचन वाली लच्छा रबड़ी सर्व करें.
इसे भी पढ़ें: Instant Amla Candy Recipe झटपट बनाएं आंवला के चटपटे गटागट और महीनों स्टोर करें, देखें वीडियो
पूरी स्टोरी पढ़ें





