
कैबिनेट मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने 1 नवंबर की रैली को केंद्र सरकार के खिलाफ रेफरेंडम करार दिया. राहुल गांधी की विदेश नीति पर खुली चर्चा की चुनौती, अग्निवीर योजना की अवधि बढ़ाने, बीजेपी के प्रदेश में सरकार बनाने के दावे और कांग्रेस सरकार के चार साल के कार्यकाल को लेकर मंत्री ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि देश में बीजेपी के खिलाफ माहौल है, अग्निवीर योजना से युवाओं का सेना के प्रति आकर्षण कम हुआ है और कांग्रेस मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश में दोबारा सरकार बनाएगी.
हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि 1 नवंबर की रैली केंद्र सरकार के खिलाफ रेफरेंडम है. देश में बीजेपी के खिलाफ हवा चल रही है और राहुल गांधी जनता के बीच अपनी बात रख रहे हैं. राहुल गांधी की विदेश नीति पर खुली चर्चा की चुनौती पर उन्होंने कहा कि संसद के मानसून सत्र में एसआईआर को लेकर बीजेपी ने सदन के भीतर चर्चा नहीं की. वहां मुद्दों को चर्चा के लिए सूचीबद्ध ही नहीं किया जाता. उन्होंने कहा कि जनता का दरबार सबसे बड़ा दरबार है.
यह भी पढ़ें: CM सुक्खू का ऐलान, बैरागढ़ की 182 महिलाओं को मिलेंगे 1500 रुपये महीना
अग्निवीर योजना पर भी बोले कैबिनेट मंत्री
अग्निवीर योजना की अवधि चार से छह साल करने पर मंत्री ने कहा कि कांग्रेस पहले भी इस योजना का विरोध कर चुकी है. पहले युवा सेना में करियर बनाने के लिए आते थे और कांग्रेस सरकारों के दौरान नियमित भर्ती होती थी. सेना से सेवानिवृत्ति के बाद सैनिकों को पेंशन और राज्यों में नौकरी मिलती थी. उन्होंने कहा कि हिमाचल के 8 से 10 प्रतिशत युवा सेना में हैं और सेना में जाना उनके लिए गर्व की बात होती थी. अग्निवीर योजना से सेना में जाने का आकर्षण कम हुआ है.
सीमा पर घुसपैठ के बीच सेना को कमजोर करना गलत है और केंद्र सरकार के इस फैसले से युवाओं में नाराजगी है. उन्होंने बीजेपी पर दो करोड़ रोजगार देने के वादे के बावजूद सरकारी क्षेत्र में युवाओं को रोजगार नहीं देने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने 50 हजार युवाओं को नौकरी दी है और 10 से 15 हजार और नौकरियां दी जा रही हैं.
‘बीजेपी में सीएम पद के कई दावेदार’
बीजेपी के प्रदेश में सरकार बनाने के दावे पर हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि उनके कहने से कुछ नहीं होगा. कांग्रेस ने सरकार बनने के बाद नगर निगम चुनाव जीते और विधानसभा उपचुनाव में नौ में से छह सीटों पर जीत दर्ज की. उन्होंने कहा कि कांग्रेस मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में एकजुट है, जबकि बीजेपी में मुख्यमंत्री पद के कई दावेदार हैं. जेपी नड्डा, अनुराग ठाकुर और जयराम ठाकुर के अलग-अलग गुट हैं. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के चार साल के कार्यकाल में कोई भ्रष्टाचार नहीं हुआ है और कांग्रेस प्रदेश में दोबारा सरकार बनाएगी.
यह भी पढ़ें: CM सुक्खू का बड़ा ऐलान, हिमगिरी समेत चुराह के 4 स्कूल CBSE से जुड़ेंगे