
नई दिल्ली:
Dulhan EMI Wali First Look: भोजपुरी सिनेमा में एक नई फिल्म ‘दुल्हन ईएमआई वाली’ अपने अनोखे नाम को लेकर चर्चा में है. एडवाइज मूवीज प्रस्तुत इस फिल्म का फर्स्ट लुक जारी होते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. फिल्म के पोस्टर ने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है. फिल्म में अभिनेत्री ऋचा दीक्षित मुख्य भूमिका में नजर आएंगी. आरजी प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले बनी इस फिल्म की कहानी आज के बदलते सामाजिक माहौल और रिश्तों के नए स्वरूप के इर्द-गिर्द बुनी गई लगती है. फिल्म का शीर्षक ही दर्शकों के मन में कई सवाल खड़े करता है. अब देखना दिलचस्प होगा कि फिल्म की कहानी इस अनोखे नाम के जरिए किस तरह का संदेश देती है.
डायरेक्टर ने कही ये बात
फिल्म के निर्देशक सूरज गिरी हैं, जबकि निर्माता राकेश सदानंद गुप्ता हैं. फिल्म को लेकर निर्देशक सूरज गिरी ने बताया, ‘दुल्हन ईएमआई वाली’ की अवधारणा कुछ अलग है. इसमें आज के समाज में बदलते रिश्तों और नई सोच को मनोरंजक अंदाज में पेश करने की कोशिश की गई है. उन्हें उम्मीद है कि फिल्म दर्शकों को पसंद आएगी.’

ये भी पढे़ं- सुहाना ने गाया किंग का तू मिल जाए गाना, Ed Sheeran की लिपसिंक देख हैरान पापा शाहरुख बोले- वह बहुत तेज गाते हैं
ऋचा दीक्षित ने कही ये बात
ऋचा दीक्षित भी फिल्म को लेकर काफी उत्साहित हैं. उन्होंने कहा, “इस फिल्म का हिस्सा बनना उनके लिए खास अनुभव है. फर्स्ट लुक सामने आने के बाद दर्शकों की प्रतिक्रिया से वह खुश हैं. उन्हें उम्मीद है कि दर्शक फिल्म को भी भरपूर प्यार देंगे.”
दुल्हन ईएमआई वाली के बारे में
फिल्म में ऋचा दीक्षित के साथ कुंदन भरतवाज, विनोद मिश्रा, नीलम पांडेय, सोनू पांडेय, अशोक गुप्ता, सुनील पांडेय और सपना यादव भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. फिल्म की कथा रणधीर एन. दास ने लिखी है, जबकि पटकथा और संवाद मनि भारती के हैं. गीत एस. कुमार और राजेश मिश्रा ने लिखे हैं तथा संगीत एस. कुमार ने दिया है. छायांकन देवेंद्र तिवारी, संकलन नागेंद्र यादव, नृत्य निर्देशन कानू मुखर्जी और कला निर्देशन बबलू बिहारी ने किया है. फिल्म के कार्यकारी निर्माता जितेंद्र एस. गुप्ता और प्रोडक्शन कंट्रोलर अंकित तिवारी हैं. पोस्ट प्रोडक्शन का काम आई विजन स्टूडियो में हुआ है.
ये भी पढे़ं- अलका याग्निक की पहला भोजपुरी गाना, 42 साल पहले भैया दूज को बनाया खास





