
ips mukund singh chahar success story: भारतीय पुलिस सेवा के वर्ष 2025 बैच के आईपीएस अधिकारी मुकुंद सिंह चाहर को ट्रेनिंग पूरी होने पर उनकी बहन प्रियम्बदा सिंह ने अनूठे अंदाज में सलाम किया है. बहन ने अपने भाई की सक्सेस स्टोरी साझा करते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया और भावुक संदेश दिया. मुकुंद सिंह चाहर ने अपने छठे प्रयास में आईपीएस बनने का सपना पूरा किया है. हाल ही में तेलंगाना के हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में आरआर-78 बैच की पासिंग आउट परेड आयोजित हुई है.

ips mukund singh chahar success story sister priyambada singh salute upsc attempts Photo Credit: Priyambda Singh Instagram
आईपीएस मुकुंद सिंह चाहर के लिए बहन ने क्या कहा?
बहन प्रियम्बदा सिंह ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए कहा, “यह कहानी है एक आम और साधारण से लड़के की, जिसने अपनी असाधारण मेहनत और कभी हार न मानने वाले जज्बे के दम पर अपने सपनों को पूरा किया है. साथ ही अपने प्रियजनों के सपनों को भी पूरा किया है. उसने हमें इतनी खुशी दी है, जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है. यह लड़का कोई और नहीं, बल्कि मेरा छोटा भाई है और आज मैं उसके इसी जज्बे को सलाम करती हूं.”

आईपीएस मुकुंद सिंह चाहर और उनकी पत्नी आईपीएस अपूर्वा सिन्हा Photo Credit: mukund singh chahar instagram
उन्होंने आगे कहा, “मैं आप सबसे कहना चाहती हूं कि सपने देखते रहिए, क्योंकि सपने एक दिन जरूर पूरे होते हैं. साथ ही मैं उनकी धर्मपत्नी अपूर्वा को भी सलाम करती हूं, जो पहले से आईपीएस अधिकारी हैं. उनकी इस यात्रा में उनका बहुत बड़ा योगदान रहा है. मेरे भाई की सफलता ने मुझे दुष्यंत कुमार की गजल की वह पंक्ति याद दिला दी कि, ‘कौन कहता है आसमां में सुराख नहीं हो सकता, एक पत्थर तो तबीयत से उछालो यारो.’ सो, आईपीएस मुकुंद सिंह चाहर, वी लव यू एंड वी आर सो प्राउड ऑफ यू.”

आईपीएस मुकुंद सिंह की सक्सेस स्टोरी
यह कहानी डिकोड सिविल्स के सीईओ-फाउंडर और पूर्व आईपीएस अधिकारी मुदित जैन ने लिंक्डइन पर शेयर की है. मुदित जैन की सोशल मीडिया पोस्ट के अनुसार, मुकुंद सिंह चाहर को संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में छह साल की कड़ी मेहनत के बाद पांचवें प्रयास में पहली सफलता मिली. मुकुंद सिंह चाहर ने यूपीएससी सीएसई 2022 में अखिल भारतीय स्तर पर 273वीं रैंक हासिल की.
मुकुंद सिंह चाहर अपने शुरुआती पांच प्रयासों में दो बार प्रारंभिक परीक्षा भी पास नहीं कर सके. वहीं, मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू में भी एक-एक बार चूक गए. 273वीं रैंक के साथ उनका चयन भारतीय राजस्व सेवा (IT) के लिए हुआ, लेकिन उनका सपना आईपीएस अधिकारी बनने का था. इसलिए उन्होंने तैयारी जारी रखी और छठे प्रयास में संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा 2024 में 191वीं रैंक हासिल कर आईपीएस अधिकारी बने.
बता दें कि मुकुंद सिंह चाहर मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं. उनकी पत्नी अपूर्वा सिन्हा 2023 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं. उन्होंने यूपीएससी 2022 में ऑल इंडिया स्तर पर 163वीं रैंक हासिल की थी. मुकुंद सिंह चाहर को आंध्र प्रदेश कैडर आवंटित हुआ है.
यह भी पढ़ें- IAS जयति सिंह-IPS अंकिता शर्मा ने AK-47 से की फायरिंग, दोनों की हथियार ट्रेनिंग में कितना अंतर?





