
वसई/मीरा रोड:
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने मानव तस्करी और सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है. इस रैकेट के चंगुल से एक टीवी और वेब सीरीज अभिनेत्री को भी सुरक्षित छुड़ाया गया है. ये रैकेट कथित तौर पर मनोरंजन जगत से जुड़ी महिलाओं को देह व्यापार के धंधे में धकेल रहा था. पुलिस ने एक महिला दलाल को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके पुरुष साथी की तलाश की जा रही है. पुलिस ने पीड़ित महिला को सुरक्षित मुक्त करा लिया है और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
पुलिस को ‘एक्सोडस रोड इंडिया फाउंडेशन’ नाम की संस्था से इस रैकेट के बारे में गुप्त सूचना मिली थी. जानकारी के मुताबिक, मानव तस्करी करने वाला आरोपी रमेश कुमार और महिला दलाल तबस्सुम उर्फ सोनिया उमर कुरैशी (39) व्हाट्सएप के जरिए ग्राहकों को लड़कियों की तस्वीरें भेजते थे और पैसों के एवज में उन्हें देह व्यापार के लिए उपलब्ध कराते थे.
इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एक फर्जी ग्राहक और गवाहों की मदद से जाल बिछाया. 8 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 6 बजे मीरा रोड स्थित नैवेद्य लॉजिंग एंड बोर्डिंग के वेटिंग रूम में यह छापेमारी की गई. इस दौरान महिला दलाल सोनिया कुरैशी को पीड़ित महिला से अनैतिक काम के बदले तय की गई रकम लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया.

पुलिस ने उसे सबूतों और नकदी के साथ हिरासत में ले लिया. वहीं, मुक्त कराई गई पीड़ित अभिनेत्री को सुरक्षा और देखभाल के लिए मुंबई के कांदिवली स्थित रेस्क्यू फाउंडेशन भेज दिया गया है.
जांच में यह बात सामने आई है कि ये सेक्स रैकेट विशेष रूप से मनोरंजन उद्योग की महिलाओं को अपना निशाना बनाता था, खासकर उन महिलाओं को जो टेलीविजन सीरियल, वेब सीरीज या फोटोशूट से जुड़ी होती हैं.
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता BNS 2023 की धारा 143 और अनैतिक व्यापार अधिनियम PITA 1956 की धारा 4 और 5 के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अब इस रैकेट से जुड़े फरार पुरुष साथी की सरगर्मी से तलाश कर रही है और इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें: हैदराबाद मानव तस्करी केस में 9 दोषियों को उम्रकैद, 8 बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल; NIA कोर्ट का बड़ा फैसला





