
लखनऊ:
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट बंटवारे को लेकर चर्चा के साथ बयानबाजी का दौर भी तेज हो गया है. दोनों दलों के नेता ज्यादा सीटों को लेकर दबाव की राजनीति में लगे हैं. इस बीच सपा सांसद शिवपाल सिंह पटेल ने कांग्रेस की 150 सीटों की मांग पर पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को 50 सीट दे दी जाए, वो भी बड़ी बात होगी. एसपी पटेल ने इस दौरान राहुल गांधी पर भी जमकर निशाना साझा.
प्रतापगढ़ से सपा सांसद ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 2024 के लोकसभा चुनाव में अमेठी के बजाय रायबरेली से इसलिए चुनाव लड़ा, क्योंकि वो ‘बहुत डरे हुए’ थे. उन्होंने कहा कि वो तो खुद चुनाव मैदान से पीछे हटने को तैयार थे, लेकिन अखिलेश यादव के समझाने के बाद रायबरेली से चुनाव लड़ने को राजी हुए.

शिवपाल सिंह पटेल ने कहा कि अगर 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं हुआ होता तो कांग्रेस को यूपी में एक भी सीट नहीं मिलती. यहां सपा ने कांग्रेस का खुलकर समर्थन किया था. सपा का एक-एक वोट कांग्रेस उम्मीदवारों को पड़ा. सपा ने 37 सीटें जीती और इसीलिए कांग्रेस को भी छह सीटें मिलीं.
उन्होंने कहा कि यूपी गठबंधन में न सिर्फ हम बड़े भाई हैं, बल्कि बहुत बड़े भाई हैं. ये बात कांग्रेस पार्टी को समझनी चाहिए. कांग्रेस दूसरे राज्यों में मजबूत हो सकती है, लेकिन यूपी में उसे अलायंस का महत्व समझना चाहिए. यहां साथ रहने पर दोनों पार्टियों को फायदा होगा. नहीं तो कांग्रेस जीरो पर चली जाएगी.
इसे भी पढ़ें: समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच क्या हो सकता है सीट बंटवारे का फॉर्मूला?
इसे भी पढ़ें: सीट बंटवारे पर पहली बार खुलकर बोले अखिलेश यादव-कांग्रेस को याद दिलाया मकसद





