खबर

पेड़ से बांधा, डंडे से पीटा… धनबाद में पैसे के लेन-देन के विवाद में महिला की बेरहमी से पिटाई, VIDEO वायरल | Tied to a tree beaten with a stick Woman brutally beaten in Dhanbad over a money dispute VIDEO Viral



धनबाद:

झारखंड में धनबाद शहर के तेलीपाड़ा इलाके में पैसे के लेन-देन के विवाद में एक महिला को पेड़ से बांधकर पीटे जाने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. वीडियो में कुछ लोग एक महिला को पेड़ से बांधकर उसके साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं. मामले में पुलिस ने एक आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए वायरल वीडियो की जांच की जा रही है.

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला पैसे के लेन-देन से जुड़े विवाद का सामने आया है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, महिला को तेलीपाड़ा काली मंदिर के पास बुलाया गया था. आरोप है कि वहां उसके साथ पहले मारपीट की गई और बाद में उसे पेड़ से बांधकर पीटा गया. इसी दौरान किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

वीडियो वायरल होते ही एक्‍शन में आई पुलिस

महिला को पीटने का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया. पुलिस ने वीडियो को जांच में शामिल करते हुए उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान शुरू कर दी है. अधिकारियों के मुताबिक, वीडियो कब और किस परिस्थिति में बनाया गया, इसकी भी जांच की जा रही है. मामले में धनबाद थाना प्रभारी मनोज पांडे के अनुसार, एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. उन्होंने कहा कि किसी भी विवाद की स्थिति में किसी को कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है. घटना में जो भी अन्य लोग शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी.  हालांकि, पुलिस ने इस मामले पर कैमरे के सामने विस्तृत जानकारी देने से इनकार किया है. पुलिस अधिकारियों ने इतना जरूर कहा कि घटना की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

कौन है वो महिला, जिसे पेड़ से बांधकर पीटा? 

इधर, घटना को लेकर यह आरोप भी सामने आया है कि पीड़ित महिला खुद को एक मानवाधिकार संगठन से जुड़ा बताती थी. आरोप है कि संगठन के नाम पर वह अलग-अलग मामलों में लोगों पर दबाव बनाने की कोशिश करती थी. हालांकि, महिला के किसी मानवाधिकार संगठन से वास्तविक जुड़ाव या उसके खिलाफ लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि महिला को मौके पर किसने बुलाया था, विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और मारपीट में कौन-कौन लोग शामिल थे? जांच पूरी होने के बाद ही घटना के सभी तथ्यों का खुलासा हो सकेगा.

ये भी पढ़ें :- झारखंड में बड़ा साइबर रेड, 150 से ज्यादा पुलिसकर्मियों ने छापेमारी कर 11 अपराधियों को दबोचा 

पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद होने पर भी किसी व्यक्ति को मारपीट करने या सार्वजनिक रूप से अपमानित करने का अधिकार नहीं है. महिला को पेड़ से बांधकर पीटना कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है. पुलिस अब वीडियो फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल लोगों की भूमिका तय कर रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. अन्‍य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है. 

ये भी पढ़ें :- धनबाद में प्रेमिका का खौफनाक अंत, जंगल में मिला धड़, 100 मीटर दूर बोरे में मिला सिर; 4 आरोपी गिरफ्तार





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button