खबर

‘लोग छूने लगे पैर, उतारने लगे आरती’, हनुमान अंश के एक्टर को लगने लगा था अजीब, बोले- फिर हनुमान जी ने दूर की दुविधा | hanuman ansh actor Shobhinaw Satyaa reveals people touched feet performed aarti lord hanuman solved his biggest confusion



‘हनुमान अंश’ को लेकर दर्शकों के बीच लगातार उत्सुकता बनी हुई है. फिल्म ने धार्मिक भावनाओं और भक्ति से जुड़े विषय को पर्दे पर पेश किया है, वहीं इसके कलाकारों को भी दर्शकों का अलग तरह का प्यार मिल रहा है. हाल ही में शोभिनव सत्य ने एनडीटीवी से खास बातचीत में फिल्म, इसके सीक्वल और दर्शकों की प्रतिक्रिया को लेकर कई बातें साझा कीं. उनके साथ फिल्म की प्रोड्यूसर रागिनी सोना भी मौजूद थीं. बातचीत में शोभिनव ने बताया कि फिल्म के बाद जब लोग उनके पैर छूने और आरती उतारने लगे तो शुरुआत में उन्हें काफी अजीब महसूस होता था, क्योंकि वह खुद को सिर्फ हनुमान जी का भक्त मानते हैं.

‘मैं खुद भक्त हूं और लोग मेरे पैर छू रहे हैं’, 

शोभिनव सत्य ने बताया कि भारत की धरती भावनाओं और भक्ति से भरी हुई है. उनके मुताबिक, ‘हनुमान अंश’ सिर्फ एक फिल्म नहीं बल्कि लोगों के भीतर मौजूद भक्ति भाव को बाहर लाने का एक माध्यम बनी है. उन्होंने कहा कि जब लोगों के भीतर से भक्ति का भाव उमड़ता है तो कलाकार के पैर छूना या उसकी आरती उतारना उनके लिए स्वाभाविक हो जाता है. उन्होंने स्वीकार किया कि शुरुआत में उन्हें यह सब काफी अजीब लगता था. शोभिनव ने कहा कि वह खुद हनुमान जी के भक्त हैं और ऐसे में जब लोग उनके पैर छूते थे तो उनके मन में दुविधा होती थी. हालांकि, धीरे-धीरे उन्होंने इसे दर्शकों की आस्था और भावनाओं के रूप में स्वीकार करना सीख लिया.

‘विराट-अनुष्का भी माध्यम बने’

इंटरव्यू में जब उनसे विराट कोहली और अनुष्का शर्मा के बाबा के दर्शन के लिए पहुंचने के बाद लोगों के बीच बढ़ी उत्सुकता को लेकर सवाल किया गया, तो शोभिनव ने इसे भी आस्था के प्रचार का एक माध्यम बताया. उन्होंने कहा कि समय-समय पर भगवान अपने भक्तों तक पहुंचने के लिए अलग-अलग लोगों को माध्यम बनाते हैं. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कभी लैरी ब्रिलियंट, कभी मार्क जुकरबर्ग और अब विराट-अनुष्का जैसे लोग भी माध्यम बने. उनके मुताबिक, ‘हनुमान अंश’ भी इसी तरह एक माध्यम बन गई है, जिसके जरिए ज्यादा से ज्यादा लोगों तक भगवान का नाम और भक्ति का संदेश पहुंच सके.

कब आएगा सीक्वल और OTT पर कब दिखेगी फिल्म? 

फिल्म के सीक्वल और ओटीटी रिलीज को लेकर भी प्रोड्यूसर रागिनी सोना ने अपडेट दिया. उन्होंने बताया कि ओटीटी डील फिलहाल फाइनल स्टेज में है. उन्होंने कहा कि जैसे ही डील फाइनल होगी, इसकी जानकारी सभी को मिल जाएगी.

यह भी पढ़ें: ‘मैं तो माटी का पुतला हूं, हनुमान जी ने भेजा है…’, NDTV Conclave में बोले ‘हनुमान अंश’ के सिंगर सुनील लोधी

वहीं सीक्वल को लेकर उनका कहना था कि फिल्म के डायरेक्टर विशाल अभी भी पहले पार्ट में ही व्यस्त हैं. उनका पूरा ध्यान इस समय फिल्म को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने पर है. रागिनी ने कहा कि बच्चों से लेकर जेल तक, हर जगह फिल्म को पहुंचाने की कोशिश की जा रही है और फिलहाल उनका श्रद्धा भाव वही है. बस इच्छा यही है कि ज्यादा से ज्यादा लोग ‘हनुमान अंश’ देखें और इससे जुड़ें.





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button