
मध्य प्रदेश के खंडवा (Khandwa) जिले की कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई उस वक्त चर्चा का विषय बन गई, जब वहां एक बेहद अनोखा और हैरान करने वाला प्रदर्शन देखने को मिला. आम दिनों की तरह लोग पानी, सड़क और बिजली जैसी मूलभूत समस्याएं लेकर प्रशासनिक अधिकारियों के पास पहुंच रहे थे. लेकिन तभी कलेक्ट्रेट परिसर में एक ऐसे फरियादी की एंट्री हुई, जिसे देखकर खुद आला अधिकारी भी अपनी हंसी और हैरानी नहीं रोक पाए. दरअसल, एक शख्स मुंह पर डॉगी (कुत्ते) का मास्क लगाकर अपनी फरियाद लेकर पहुंचा था.
इस अनोखे ‘डॉग मैन’ के साथ खंडवा नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष दीपक ‘मुल्लू’ राठौर भी मौजूद थे. माजरा देखकर अधिकारी से लेकर आम जनता तक, हर कोई हक्का-बक्का रह गया. हालांकि, इस मजाकिया लगने वाले ड्रामे के पीछे एक बेहद गंभीर आरोप और लाखों रुपये का कथित ‘घोटाला’ छिपा हुआ था.
#WATCH | Khandwa, Madhya Pradesh: Protester who wore a dog mask says, “I did this for justice. We are being defamed, but the real fault lies with the Nagar Nigam. They are committing corruption in our name, corruption in the name of sterilising us. We are being defamed. But we… https://t.co/ZqKB7wbTzG pic.twitter.com/1YNPWxY2Cg
— ANI (@ANI) August 19, 2026
Exclusive: शादी कब करेंगे बाबा बागेश्वर, कैसी कन्या चाहते हैं? खुद बताया
नेता प्रतिपक्ष का आरोप
नेता प्रतिपक्ष दीपक राठौर ने आरोप लगाया कि खंडवा नगर निगम (Khandwa Municipal Corporation) ने शहर में आवारा कुत्तों के बधियाकरण (Sterilization) के नाम पर लाखों रुपये की सरकारी राशि की लूट की है. उनका सीधा आरोप है कि शहर में कुत्तों का बधियाकरण सिर्फ कागजों पर ही किया गया है और धरातल पर कोई काम नहीं हुआ. इस पूरे फर्जीवाड़े के जरिए सरकारी फंड की जमकर बंदरबांट की गई है और लाखों का भ्रष्टाचार हुआ है. इसी भ्रष्टाचार की ओर प्रशासन का ध्यान खींचने के लिए यह अनोखा तरीका अपनाया गया.
वायरल हुआ प्रदर्शन, प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
डॉगी का मास्क पहनकर पहुंचे इस युवक और नेता प्रतिपक्ष के अनोखे विरोध प्रदर्शन ने न केवल अधिकारियों का ध्यान अपनी ओर खींचा, बल्कि मौके पर मौजूद लोगों ने इसके वीडियो भी बना लिए जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं.
इस गंभीर शिकायत के बाद जिला प्रशासन भी हरकत में आ गया है. मामले को गंभीरता से लेते हुए अपर कलेक्टर (ADM) काशी राम बड़ोले ने बताया कि जनसुनवाई में श्वान बधियाकरण केंद्र की कार्यप्रणाली और उसमें हुए कथित भ्रष्टाचार को लेकर एक लिखित शिकायत प्राप्त हुई है. प्रशासन ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष और बारीकी से जांच कराने का भरोसा दिया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट में यदि कोई भी वित्तीय अनियमितता या फर्जीवाड़ा सामने आता है, तो इसके लिए जिम्मेदार दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
भोपाल में Gen-Alpha प्रोटेस्ट, सड़क पर उतरे रीजनल स्कूलों के 400 बच्चे
Input By : शेख शकील