खबर

आरजी कर रेप केस में गिरफ्तार TMC के पूर्व विधायक पर भीड़ का हमला, थाने के बाहर अंडे फेंके, चोर-चोर के लगे नारे | Mob Attacks Former TMC MLA Nirmal Ghosh Arrested in RG Kar Rape Case Eggs Thrown outside Police Station



कोलकाता:

सिर पर हेलमेट, चारों तरफ से पुलिस का घेरा, फिर भी भीड़ का गुस्सा ऐसा कि पुलिस की मौजूदगी में पूर्व विधायक पर हमला. अंडे फेंके गए, जूते-चप्पल भी फेंके गए. सुरक्षाबलों के सामने चोर-चोर के नारे लगे. गालियां भी दी गई. बंगाल में टीएमसी नेताओं पर हमले की घटनाएं बीते कुछ समय से काफी बढ़ी है. लेकिन आज जो नजारा दिखा, वो पहले की घटनाओं से अलग ही था. दरअसल शुक्रवार को उत्तर 24 परगना जिले में भीड़ ने टीएमसी के पूर्व विधायक निर्मल घोष पर थाने के बाहर हमला किया. निर्मल घोष को आरजी कर रेप-मर्डर केस में गिरफ्तार किया गया है. आज घोष पर हमला तब हुआ जब पुलिस उन्हें कोर्ट में पेश करने ले जा रही थी. 

खरदह थाने के बाहर निर्मल घोष पर भीड़ का हमला

निर्मल घोष को जब सुरक्षाकर्मी खरदह थाने के बाहर जेल वैन तक ले जा रहे थे, तब भीड़ ने उन पर हमला किया. उन्हें बैरकपुर उपमंडलीय अदालत में पेश करने के लिए ले जाया जा रहा था. पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों की कड़ी सुरक्षा के बावजूद भीड़ ने उन पर जूते-चप्पल, अंडे और कीचड़ भी फेंका. घोष को बचाने के लिए पुलिसकर्मियों ने उनके सिर को हेलमेट से ढक दिया था. बैरकपुर अदालत में भी लोगों ने घोष को देखकर “चोर-चोर” के नारे लगाए.

जवानों ने हेलमेट पहनाया, चारों तरफ से घेरा बनाया फिर भी हमला

इसका वीडियो भी सामने आया है. जिसमें साफ नजर आ रहा है कि थाने से बाहर निकालते समय जवानों ने पूर्व विधायक को संभावित हमले से बचने के लिए सिर पर हेलमेट पहनाया. चारों ओर से घेरा बनाकर बाहर निकाल रहे थे. लेकिन तभी थाने के पास मौजूद लोगों की भीड़ ने पूर्व विधायक पर अंडे फेंके.

संजीव मुखर्जी को भी झेलना पड़ा था विरोध

इसी तरह का विरोध एक अन्य आरोपी संजीव मुखर्जी को भी झेलना पड़ा. मुखर्जी महिला चिकित्सक का पड़ोसी और तृणमूल का पूर्व पार्षद है. पुलिसकर्मी जब उसे अदालत ले जाने के लिए वाहन तक पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे, तब लोगों ने उसके खिलाफ भी नारेबाजी की और विरोध किया.

ओडिशा से गिरफ्तार किए गए थे निर्मल घोष

मालूम हो कि  तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक निर्मल घोष आरजी कर अस्पताल दुष्कर्म-हत्या मामले में एक दिन पहले ओडिशा से गिरफ्तार किए गए थे. आरजी कर अस्पताल में दुष्कर्म के बाद एक महिला चिकित्सक की हत्या कर दी गयी थी. पीड़िता का ‘जल्दबाजी में अंतिम संस्कार’ किए जाने में कथित संलिप्तता के लिए घोष को एक दिन पहले गिरफ्तार किया गया था.

निर्मल घोष पर सबूत मिटाने, साजिश रचने का आरोप

पुलिस ने बताया कि मामले में तीसरा आरोपी पानीहाटी नगरपालिका का पूर्व अध्यक्ष सोमनाथ डे अब भी फरार है. आरोपियों की गिरफ्तारी पीड़िता के पिता द्वारा सोमवार को दर्ज कराई गई एक नयी शिकायत के बाद हुई. पुलिस ने बताया कि पानीहाटी के पूर्व विधायक घोष को सबूत मिटाने, आपराधिक साजिश रचने और किसी को उसकी मर्जी के खिलाफ काम करने के लिए मजबूर करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है.

यह भी पढ़ें – कोलकाता के आरजी कर केस में तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक निर्मल घोष गिरफ्तार






Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button