
बसपा सुप्रीमो मायावती के भतीजे आकाश आनंद ने यूपी विधानसभा चुनाव से पहले बसपा की जमीन तैयार करना शुरू कर दिया है. उन्होंने कांग्रेस और बीजेपी और सपा पर जोरदार हमला किया. यहां तक कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव को अंकल तक कह डाला. आकाश आनंद की ऐसी बयानबाजी को लोग उनका कमबैक मान रहे हैं. आइए आपको बताते हैं कि मायावती के भतीजे आकाश आनंद हैं कौन, वो पार्टी में क्या हैसियत रखते हैं और वो कैसे अपने बयानों से बसपा और बहनजी के दिन बदलेंगे?

कौन हैं आकाश आनंद?
मायावती के बाद अगर बीएसपी में किसी का नाम सबसे ज्यादा गूंज रहा है, तो वो आकाश आनंद ही हैं. वह बसपा सुप्रीमो मायावती के छोटे भाई आनंद कुमार के बेटे हैं. लंदन से एमबीए की डिग्री लेने वाले आकाश ने साल 2017 में राजनीति के अखाड़े में कदम रखा. बुआ मायावती ने भी अपने इस पढ़े-लिखे भतीजे की काबिलियत को पहचाना और पार्टी का ‘नेशनल कोऑर्डिनेटर’ बना दिया. आकाश ने सड़क पर उतरकर ‘बहुजन अधिकार यात्रा’ की अगुवाई कर चुके हैं.

आकाश आनंद की लव स्टोरी
लंदन में एमबीए की पढ़ाई के दौरान ही आकाश की मुलाकात प्रज्ञा सिद्धार्थ से हुई. किताबों और क्लासरूम के बीच दोस्ती हुई, बातचीत का सिलसिला बढ़ा. 26 मार्च 2023 को गुरुग्राम में ये दोनों शादी के बंधन में बंध गए. प्रज्ञा का भी बीएसपी से बहुत गहरा नाता है. उनके पिता अशोक सिद्धार्थ पेशे से एक डॉक्टर हैं. जिन्होंने साल 2008 में अपने करियर की दिशा बदली और बीएसपी का झंडा थाम लिया.
मायावती के दरबार में डॉक्टर अशोक का कितना रसूख था, इसका अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि पार्टी में आने के अगले ही साल, 2009 में मायावती ने उन्हें एमएलसी बना दिया. बात यहीं नहीं रुकी, 2016 से लेकर 2022 तक वो राज्यसभा के सांसद भी रहे.





