
हिमाचल प्रदेश में इस बार स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया जाएगा. इसे लेकर स्कूल शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी सरकारी स्कूलों के लिए अहम निर्देश जारी किए हैं. विभाग ने साफ किया है कि 15 अगस्त 2026 को सभी सरकारी स्कूल खुले रहेंगे और हर स्कूल में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा.
स्कूल शिक्षा निदेशालय, शिमला की ओर से जारी आदेश के अनुसार प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, देशभक्ति गीत और अन्य गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा. विभाग चाहता है कि छात्र-छात्राएं और शिक्षक पूरे उत्साह के साथ इन कार्यक्रमों में हिस्सा लें और स्वतंत्रता दिवस को यादगार बनाएं.
MP कंगना के बयान पर नरेश चौहान का पलटवार, BJP से मांगा जवाब
जिला शिक्षा अधिकारियों को दिए गए निर्देश
शिक्षा विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और उपनिदेशकों (प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षा) को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के सभी सरकारी स्कूलों तक यह आदेश समय पर पहुंचाएं.
साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि हर स्कूल में स्वतंत्रता दिवस समारोह तय कार्यक्रम के अनुसार आयोजित हो और विद्यार्थियों की अधिक से अधिक भागीदारी रहे.
जिला और उपमंडल स्तर के कार्यक्रमों में भी होगी भागीदारी
जारी निर्देशों में कहा गया है कि स्कूलों के विद्यार्थी और शिक्षकों को सिर्फ स्कूल स्तर के कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रखा जाएगा. उन्हें तहसील, उपमंडल और जिला मुख्यालयों पर आयोजित होने वाले आधिकारिक स्वतंत्रता दिवस समारोहों में भी शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि राष्ट्रीय पर्व का उत्साह पूरे प्रदेश में एक साथ दिखाई दे.
शिमला में गहराया जल संकट! जरूरत से काफी कम मिल रहा पानी
निर्देशों का पालन करने के आदेश
शिक्षा विभाग ने सभी स्कूल प्रमुखों और संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा है. यह आदेश स्कूल शिक्षा निदेशालय, शिमला की ओर से जारी किया गया है. इसकी प्रति शिक्षा सचिव और विभाग की आईटी सेल को भी भेजी गई है, ताकि आदेश का प्रभावी तरीके से पालन कराया जा सके.
विभाग का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में देशभक्ति और राष्ट्रीय मूल्यों को मजबूत करने का अवसर भी है.